Delhi Weather: बीते 3 सालों में इस महीने सबसे गर्म रहा शनिवार, 42 डिग्री के पार तापमान; 'लू' का प्रकोप जारी
राजधानी दिल्ली में 26 अप्रैल का दिन पिछले तीन वर्षों में अप्रैल का सबसे गर्म दिन रहा जिसमें अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। इस दौरान लू जैसी गर्मी महसूस हुई। शाम को पश्चिमी विक्षोभ के चलते धूल भरी आंधी भी चली। मौसम विभाग के अनुसार अभी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में शनिवार (26 अप्रैल) को सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया। इस वजह से तीन वर्षों में अप्रैल के महीने में इस बार 26 अप्रैल का दिन सबसे अधिक गर्म रहा और लू जैसी तपिश महसूस की गई।
रिज क्षेत्र, आया नगर व पालम इलाकों में सबसे अधिक गर्मी रही। बाद में पश्चिमी विक्षोभ के कारण शाम को आकाश में बादल छाए रहे। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चली। इस दौरान 50 किलोमीटर की गति से धूल भरी आंधी भी चली। मौसम विभाग के अनुसार अभी फिलहाल गर्मी से खास राहत मिलने की संभावना नहीं है और तपिश बरकरार रहेगी।
रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण दिल्ली में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलेगी। बीच-बीच में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से भी हवा चल सकती है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
सोमवार को आकाश साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके बाद भी एक से दो डिग्री सेल्सियस तापमान कम हो सकता है। इससे ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है।
पिछले दिन के मुकाबले यह 0.9 डिग्री सेल्सियस कम
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है और पिछले पिछले दिन के मुकाबले यह 0.4 डिग्री सेल्सियस है। यह न सिर्फ इस सीजन का बल्कि वर्ष 2022 के बाद अप्रैल महीने में अब तक सबसे अधिक है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस कम है और पिछले दिन के मुकाबले यह 0.9 डिग्री सेल्सियस कम है। इस वजह से पिछली रात गर्मी कम रही।
रिज इलाके का तापमान रहा सबसे ज्यादा
एक दिन पहले दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस था। वर्ष 2022 में अप्रैल के महीने में छह दिन अधिकतम तापमान 42.4 से 43.5 के बीच था। तब 28 से 30 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। शनिवार को रिज एरिया में तापमान सबसे अधिक 43.3 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
वहीं आया नगर में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर और सामान्य से साढ़े चार से साढ़े छह डिग्री सेल्सियस ऊपर रहता है तो ऐसी स्थिति को लू माना जाता है।
शनिवार को दिल्ली अधिक गर्म रहे स्थानों पर अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
जगह | अधिकतम (°C | न्यूनतम (°C) |
---|---|---|
सफदरजंग | 42.1 | 20.7 |
रिज | 43.3 | 23.9 |
आयानगर | 42.6 | 21.1 |
पालम | 42.3 | 22.9 |
लोधी रोड | 41.9 | 19.2 |
पीतमपुरा | 41.8 | 26.4 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।