Delhi News: व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए दिल्ली सरकार बनाएगी ट्रेड वेलफेयर बोर्ड, 2026 में होगा ग्लोबल इन्वेस्टर समिट: रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उद्योग विभाग के साथ बैठक में व्यापारियों के कल्याण के लिए ट्रेड वेलफेयर बोर्ड बनाने का निर्देश दिया। यह बोर्ड व्यापारियों की समस्याओं का तुरंत समाधान करेगा और उनके लिए योजनाएं भी लागू करेगा। दिल्ली सरकार जनवरी-फरवरी 2026 में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन भी करेगी।

राज्य ब्यूरो, जागरण, नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को उद्योग विभाग के अधिकारियों साथ एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में दिल्ली को वैश्विक निवेश और अत्याधुनिक तकनीकों का केंद्र बनाने के लिए निर्णय लिए गए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में व्यापारियों व उद्योगपतियों की जरूरतों, भविष्य की संभावनाओं और सरकार की योजनाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में व्यापारियों के कल्याण के लिए एक ट्रेड वेलफेयर बोर्ड का जल्द गठन किया जाएगा। जो व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करेगा और कल्याणकारी योजनाएं लागू करेगा।
बोर्ड व्यापारियों की समस्याएं एवं सुझाव सरकार तक पहुंचाएगा
इसके अतिरिक्त यह बोर्ड व्यापारिक समुदाय के सुझावों और समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने और उनके समाधान सुनिश्चित करने का काम करेगा।साथ ही स्टार्ट अप के लिए नई नीति बनाई जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने नई औद्योगिक नीति और न्यू वेयरहाउस पाॅलिसी को जल्द लाने के निर्देश दिए। कहा कि इन नीतियों का उद्देश्य दिल्ली में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, लाॅजिस्टिक्स को सुधारना और निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाना है।
रानीखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र हाईटेक हब के रूप में होगा विकसित
मुख्यमंत्री ने बताया कि रानीखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र को एक हाईटेक हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इस हब में विभिन्न प्रकार के उद्योगों के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचा और व्यापार के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध होंगे।
यह परियोजना दिल्ली में औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी और रोजगार सृजन को बढ़ावा देगी। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को ध्यान में रखते हुए, दिल्ली सरकार होलम्भी कला के 21 एकड़ में ई-वेस्ट इको पार्क स्थापित करेगी।
यह पार्क इलेक्ट्रॉनिक कचरे की Recycling के लिए एक मॉडल के रूप में काम करेगा और साथ ही इसमें टेस्टिंग और ट्रेनिंग सेंटर भी होगा।
वर्ष 2026 में सरकार आयोजित करेगा ग्लोबल इन्वेस्टर समिट
दिल्ली को वैश्विक निवेश का केंद्र बनाने के लिए, दिल्ली सरकार जनवरी- फरवरी 2026 में एक ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन करेगी। जिसमें देश-विदेश के निवेशक, उद्योगपति और नीति निर्माता भाग लेंगे।
समिट का उद्देश्य दिल्ली में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सूचना प्रौद्योगिकी, आईटी सक्षम सेवाओं और बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं जैसे अग्रणी क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाओं को दिखाना करना है।
यह भी पढ़ें: Yamuna Pollution: महज 2% हिस्से से फैलता है 80% जहर, अब 32 मॉनीटरिंग स्टेशनों से रखी जाएगी यमुना के प्रदूषण पर नजर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।