Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi में साहिबी नदी के किनारे बनेगा रिवर फ्रंट, काम हुआ शुरू; पढ़ें पूरी डिटेल

    Updated: Fri, 11 Apr 2025 07:55 AM (IST)

    दिल्ली सरकार ने यमुना की सफाई के साथ-साथ साहिबी नदी के किनारे रिवर फ्रंट बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उत्तम नगर के विपिन गार्डन में 50 एकड़ भूमि पर पार्क बनेगा। उपराज्यपाल वीके सक्सेना मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता व मंत्री प्रवेश वर्मा ने अधिकारियों के साथ विपिन गार्डन में प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। आगे विस्तार से पढ़िए पूरी डिटेल।

    Hero Image
    दिल्ली में साहिबी नदी के किनारे बनेगा रिवर फ्रंट। फाइल फोटो

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। चुनावी वादा पूरा करते हुए दिल्ली की भाजपा सरकार ने यमुना की सफाई के काम में तेजी लाने के साथ ही इसके किनारे रिवर फ्रंट बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अब साहिबी नदी जिसे नजफगढ़ नाला कहते हैं, के किनारे भी रिवर फ्रंट विकसित करने की योजना तैयार हो रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसके पहले चरण में उत्तम नगर के विपिन गार्डन में 50 एकड़ भूमि पर पार्क बनेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की यह भूमि उपेक्षित पड़ी हुई है। इस भूमि पर लगातार अतिक्रमण हो रहा था। इसे अब पार्क में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। यहां से गुजरने वाली साहिबी नदी को भी इस योजना से जोड़ते हुए एक विस्तृत रिवर फ्रंट का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।

    सफाई कार्य का भी निरीक्षण किया

    उपराज्यपाल वीके सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता व मंत्री प्रवेश वर्मा ने अधिकारियों के साथ विपिन गार्डन में प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने वजीराबाद सप्लीमेंट्री ड्रेन, बारापुला नाला, सुनेहरी पुल नाला, कुशक नाला और नजफगढ़ नाले की चल रही सफाई कार्य का भी निरीक्षण किया।

    विभागों के अधिकारियों को दिए गए निर्देश

    उपराज्यपाल ने कहा, जलभराव की समस्या केवल मानसून तक ही सीमित नहीं रह गई है। यह शहर के आधारभूत संरचना और जनजीवन को प्रभावित करने वाला एक गंभीर विषय है। सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को नालों की मरम्मत और साफ-सफाई के लिए आपसी सहयोग और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा, यमुना में गिरने वाले सभी बड़े नाले वर्षों से उपेक्षित रहे हैं। सफाई कार्य का प्रत्येक 15 दिनों में निरीक्षण करने का निर्णय लिया गया है। हमारी सरकार का उद्देश्य है कि नालों का पानी अपने प्राकृतिक प्रवाह में बहे और प्रदूषण मुक्त रहे, जिससे कि यमुना फिर से अपने स्वच्छ स्वरूप में लौट सके।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में पीएम-ए भीम योजना लागू, 1749 करोड़ रुपये का आवंटन; जानें क्या होंगे इसके फायदे

    उपराज्यपाल ने इस काम को आगे बढ़ाया है। हम सभी एक टीम की तरह काम कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, एनडीएमसी, परिवहन विभाग, दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।