10 साल का इंतजार खत्म, दिल्ली के 17 फ्लाईओवरों का होगा कायापलट; मरम्मत का काम शुरू
दिल्ली में पिछले 10 सालों से मरम्मत का इंतजार कर रहे फ्लाईओवर पर अब काम शुरू हो गया है। सरकार की योजना 2005 से पहले बने सभी फ्लाईओवर का सर्वे कराकर उनकी मरम्मत कराने की है। वर्तमान में दिल्ली के लगभग 17 फ्लाईओवर को मरम्मत की आवश्यकता है। हनुमान सेतु फ्लाईओवर पर काम शुरू हो चुका है।

राज्य ब्यूराे, नई दिल्ली। पिछले 10 सालों से मरम्मत की बाट जोह रहे दिल्ली के फ्लाईओवर पर काम शुरू हो गया है। हनुमान सेतु फ्लाईओवर पर भी काम शुरू हो चुका है। एक्सपेंशन ज्वाइंट बदले जा रहे हैं। शादीपुर व राजा गार्डन आदि पर काम शुरू होने की तैयारी है। इस समय दिल्ली के करीब 17 फ्लाईओवर को मरम्मत करने की आवश्यकता है। सरकार की योजना 2005 से पहले के बने सभी फ्लाईओवर का सर्वे कराकर उनकी मरम्मत कराने की है।
बता दें कि दिल्ली के पुराने फ्लाईओवर मरम्मत की खुराक मांग रहे हैं। इनमें बड़े स्तर पर मरम्मत कराए जाने की जरूरत है।कई फ्लाईओवर ऐसे हैं, जिनके एक्सपेंशन ज्वाइंट व बेयरिंग खराब हो चुके हैं। इससे सामान्य तौर पर तो फ्लाईओवर में खराबी नहीं दिखती है मगर जब आप इनके ऊपर से गुजरते हैं तो ज्वाइंट पर झटका लगता है। क्योंकि ज्वाइंट पर सड़क का तल सपाट नहीं रहता है। इसी तरह फ्लाइओवर के पिलर और गार्डर के बीच लगाए गए बेयरिंग खराब हो जाने से होने वाली हल्की जंपिंग बंद हो गई है।
इन फ्लाईओवरों में काम कराने की जरूरत
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कुछ साल पहले कराए गए सर्वे में पता चला था कि इन फ्लाईओवरों में काम कराने की जरूरत है। इस सर्वे के आधार पर विभाग ने 2005 से पहले के बने सभी फ्लाइओवरों की केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआइ) से अध्ययन कराने का फैसला लिया था। सीआरआरआइ इन फ्लाईओवरों का तकनीकी अध्ययन करेगा। मगर यह सब काम पिछली सरकार के समय अधर में रह गया।
पीडब्ल्यूडी के एक वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं कि यातायात के अत्यधिक दबाव के कारण फ्लाइओवरों में छोटी मोटी कमियां आ जाती हैं। 15 साल में एक्सपेंशन ज्वाइंट खराब हो जाते हैं जो बदले जाते हैं। विभाग का प्रयास है कि इनके बारे में तकनीकी अध्ययन कराकर सही जानकारी जुटाई जा सके। उसके आधार पर काम किया जाए।
इन फ्लाईओवरों की होनी है मरम्मत
स्थान | वर्ष | संगठन |
---|---|---|
आइ पी एस्टेट | 1982 | PWD |
पंजाबी बाग | 2001 | PWD |
अफ्रीका एवेन्यू | 2001 | PWD |
मायापुरी | 2002 | PWD |
मोती बाग | 2001 | PWD |
सावित्री सिनेमा | 2001 | PWD |
आइआइटी | 1992 | DTTDC |
नेहरू प्लेस | 2001 | PWD |
कालकाजी | 2004 | PWD |
एंड्रूज गंज | 2002 | PWD |
नेल्सन मंडेला | 2001 | DDA |
सफदरजंग अस्पताल | 2003 | PWD |
आइएसबीटी | 1991 | PWD |
लोनी रोड | 1991 | DTTDC |
ब्रिटारिया चौक | 2004 | PWD |
पंचशील क्लब | 2004 | PWD |
जगतपुरी | 2002 | DDA |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।