Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में बाढ़ से 20 हजार लोग बेघर, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राहत और बचाव कार्यों की ली जानकारी

    Updated: Fri, 05 Sep 2025 08:53 PM (IST)

    दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने से छह जिलों में बाढ़ आई है जिससे लगभग 20 हजार लोग बेघर हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावितों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए। फसल नुकसान का आकलन करने और हरियाणा से समन्वय स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

    Hero Image
    आईटीओ के पास विकास मार्ग पर बाढ़ राहत शिविर में भोजन वितरित करते सिविल डिफेंस टीम के सदस्य। जागरण

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण दिल्ली के छह जिलों बाढ़ से प्रभावित हैं। इन जिलों में लगभग 20 हजार लोग बेघर होकर राहत शिविर में रह रहे हैं।

    मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंडलायुक्त और सभी जिला अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर बाढ़ की स्थिति और राहत व बचाव कार्य की जानकारी ली।

    उन्होंने कहा, सरकार बाढ़ की स्थिति पर पूरी नजर रख रही है। प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद की जा रही है। यमुना का पानी अब उतर रहा है, इसलिए दिल्ली के लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

    उन्होंने अधिकारियों बाढ़ से फसल के नुकसान का भी आकलन करने को कहा, जिससे कि पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा देने पर गंभीरपूर्वक विचार किया जा सके।

    उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बुजुर्गों, महिलाओं व बच्चों का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।

    कहा, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रख रहा है। दिल्ली के सांसद, सरकार के मंत्री, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाकर पीड़ितों की मदद कर रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि हरियाणा के निकटवर्ती क्षेत्र के ड्रेन का पानी दिल्ली के सीमावर्ती गांवों में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने संबंधित जिला अधिकारी को हरियाणा के संबंधित अधिकारियों के बात कर इसका शीघ्र समाधान निकालने को कहा है।

    बाढ़ प्रभावित लोग एवं राहत शिविरों की संख्या

    प्रभावित जिले प्रभावित लोग  राहत शिविर
    पूर्वी दिल्ली 7200 7
    उत्तर पूर्वी दिल्ली 5200 13
    दक्षिण पूर्वी दिल्ली 4200 8
    मध्य दिल्ली 2000 12
    शाहदरा 30 1
    उत्तरी दिल्ली 1350  6

    यह की गई तैयारी

    • बाढ़ प्रभावित जिलों में एनडीआरएफ की टीमें तैनात।
    • राहत शिविरों में भोजन, पेयजल और शौचालय की सुविधा।
    • 24 घंटे सिविल डिफेंस और ‘आपदा मित्र’ सेवा।
    • चिकित्सा दल की तैनाती।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में क्यों भरा यमुना का पानी? मुख्य वजह आई सामने; बाढ़ से जूझ रही बड़ी आबादी

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
    comedy show banner
    comedy show banner