दिल्ली-NCR में क्यों भरा यमुना का पानी? मुख्य वजह आई सामने; बाढ़ से जूझ रही बड़ी आबादी
दिल्ली में यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है लेकिन खादर क्षेत्र में अभी भी जलभराव है। हथनी कुंड बैराज से कम पानी छोड़े जाने और मौसम के पूर्वानुमान से सुधार की उम्मीद है। नालों को बंद करने से कई इलाकों में जलभराव की समस्या हो रही है। प्रशासन पानी निकालने का प्रयास कर रहा है लेकिन यातायात और ट्रेन सेवाएं प्रभावित हैं।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पिछले कई दिनों से उफनती यमुना का पानी आहिस्ता-आहिस्ता कम होने लगा है। हरियाणा के हथनी कुंड बैराज से भी पहले की तुलना में कम पानी छोड़ा जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान से भी स्थिति सुधरने के संकेत हैं क्योंकि हिमाचल प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक अधिक वर्षा की संभावना है।
नदी का जलस्तर कम होने के बाद भी राजधानी में संकट बरकरार है। यमुना खादर क्षेत्र में बसी कॉलोनियों में अभी पानी भरा हुआ है। वहीं, यमुना व नजफगढ़ ड्रेन में गिरने वाले नाले बंद किए जाने से उत्तरी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली के साथ ही गुरुग्राम में कई स्थानों पर उसका पानी आवासीय कॉलोनियों में भरने लगा है।
अभी भी नदी 207 मीटर से ऊपर बह रही है परंतु, बृहस्पतिवार रात से ही जलस्तर में कमी आ रही है। शनिवार को इसके 207 मीटर से नीचे आने की उम्मीद है, क्योंकि हथनी कुंड से अब एक लाख क्यूसेक से कम पानी छोड़ा जा रहा है। पहले लगभग डेढ़ लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था।
नदी में पानी कुछ कम होने के बाद भी शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्रों में परेशानी कम नहीं हुई। खादर क्षेत्र में अभी भी पानी भरा हुआ है। घोंडा विधानसभा के गढ़ी मांडू गांव में बुधवार से लापता हुए एक युवक का शव बरामद हुआ। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
सिविल लाइंस के बेला रोड, मोनेस्ट्री बाजार में पानी भरा हुआ है जिसे निकालने का प्रयास किया जा रहा है। दिल्ली सचिवालय के पास भी पंपिंग सेट लगाकर सड़क से पानी निकाला जा रहा है। बेला रोड पर पानी भरने और बिजली नहीं होने के कारण लगभग 50 परिवारों को घर छोड़कर होटल या अपने रिश्तेदारों के यहां रहना पड़ रहा है।
यमुना व नजफगढ़ ड्रेन में जलस्तर बढ़ने के काऱण उसमें गिरने वाले नालों को बंद कर दिया गया है जिससे कि नदी का पानी शहर में न पहुंचे। पिछले तीन दिनों से नाले बंद होने के कारण अब कई कालोनियों में जलभराव की समस्या होने लगी है। नाले ओवर फ्लो कर रहे हैं जिससे उसका का पानी सड़कों पर भरने लगा है।
मुखर्जी नगर के हकीकत नगर में पानी भरने से नाराज लोगों ने जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के बाहर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। जहांगीरपुरी के कई ब्लॉक में और हस्तसाल के डीडीए कालोनी सहित दिल्ली के कई आवासीय क्षेत्रों में भी नाले का पानी सड़क पर भरने लगा है।
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि पंपिंग सेट लगाकर पानी निकाला जा रहा है। नदी का जलस्तर कम होने से पहले नाले खोले जाने से परेशानी और बढ़ेगी। नजफगढ़ ड्रेन ओवर फ्लो होने से गुरुग्राम के सेक्टर 107 की हाउसिंग सोसायटियों में भी पानी भर गया है।
रिंग रोड पर पानी होने से शुक्रवार को दोपहर तक जाम की स्थिति रही। दोपहर बाद पानी निकलने से यातायात सामान्य हो गया। पुराना लोहा पुल से ट्रेनों की आवाजाही तीसरे दिन भी बंद रही। इस कारण पुरानी दिल्ली-कोटद्वार सिद्धबली एक्सप्रेस, पूर्णागिरि जनशताब्दी सहित 45 ट्रेनें निरस्त कर दी गई।
लगभग 100 ट्रेनों को या तो मार्ग में बदलाव करना पड़ा या फिर गंतव्य से पहले के स्टेशन से इनका परिचालन हुआ। गाजियाबाद के रास्ते पुरानी दिल्ली आने वाली अधिकांश लोकल ट्रेनें निरस्त होने से दैनिक यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
- चेतावनी स्तरः 204.50 मीटर
- खतरे का स्तरः 205.33 मीटर
- निचले क्षेत्र खाली कराने की स्थितिः 206 मीटर
- अभी तक पानी का उच्चतम स्तरः 208.66 मीटर (13.07.2023)
हथनी कुंड से छोड़ा जा रहा पानी और लोहा पुल के पास जलस्तर
समय | हथनी कुंड से छोड़ा गया पानी (क्यूसेक) | लोहा पुल पर जलस्तर (मीटर) |
---|---|---|
सुबह 5 बजे | 117875 | 207.35 |
सुबह 7 बजे | 110882 | 207.33 |
सुबह 9 बजे | 106651 | 207.31 |
पूर्वाह्न 11 बजे | 104557 | 207.27 |
दोपहर 1 बजे | 88461 | 207.22 |
अपराह्न 3 बजे | 72533 | 207.19 |
शाम 5 बजे | 52960 | 207.16 |
शाम 7 बजे | 54391 | 207.09 |
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।