यमुना बाजार में घुटनों तक भरे पानी में उतरीं सीएम रेखा गुप्ता, यमुना नदी के बाढ़ से जूझ रहे लोगों का पूछा हाल
दिल्ली में यमुना बाजार में बाढ़ जैसे हालात दिखने लगे हैं गलियों में पानी भरने से लोगों को परेशानी हो रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना बाजार के निवासियों से मिलकर उनका हालचाल जाना और उन्हें शासन-प्रशासन की ओर से पूरी मदद का आश्वासन दिया। बाढ़ के कारण लोगों की पीड़ा बढ़ गई है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली में जिस बाढ़ को लेकर रोज कयास लगाए जा रहे थे, उसकी शुरुआत मंगलवार को दिखी। यमुना बाजार की गलियों में घुटनों तक पानी आने के बाद वहां रह रहे लोगों की पीड़ा दिखने लगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बाढ़ जैसे हालातों का सामना कर रहे यमुना बाजार के लोगों से मुलाकात की। उनका हालचाल जाना। साथ ही, शासन-प्रशासन के पुरजोर सहयोग मिलने का आश्वासन दिया।
इस संबंध में सीएम रेखा गुप्ता ने इंटरनेट मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि आज दिल्ली के यमुना बाज़ार क्षेत्र में पहुँचकर बाढ़ प्रबंधन और प्रशासनिक तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएँ सुनीं।
उन्होंने बताया कि सुबह कुछ समय के लिए यमुना का जलस्तर 206 मीटर को छूने की संभावना थी, किंतु अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। यह इलाका यमुना के फ्लड प्लेन का लो-लाइन क्षेत्र है इसलिए पानी यहाँ तक पहुँचा परंतु इससे आगे नहीं बढ़ा। दिल्ली में बाढ़ जैसी कोई भी स्थिति नहीं है। यह जलस्तर का अधिकतम चढ़ाव था और अब पानी उतरने की दिशा में है।
सीएम रेखा गुप्ता ने आश्वासन दिया कि कंट्रोल रूम से लगातार हालात की निगरानी की जा रही है। राहत और बचाव दल पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं ताकि हर स्थिति से निपटा जा सके।
उन्होंने कहा, "मैं दिल्लीवासियों को आश्वस्त करना चाहती हूँ कि सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है। आपकी सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।"
यह भी पढ़ें- बाढ़ के मुहाने पर दिल्ली, तेजी से बढ़ रहा यमुना का जलस्तर; निगम बोध घाट के पास पहुंचा पानी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।