Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    दिल्ली के 1200 से ज्यादा लोगों की बचाई जान, मौत का आंकड़ा भी घटा; दमकल विभाग ने साझा की पूरी डिटेल

    Updated: Fri, 22 Aug 2025 09:39 AM (IST)

    दिल्ली दमकल विभाग ने इस साल 24 जुलाई तक 19807 कॉल्स का जवाब दिया जिनमें आग और इमारत गिरने जैसी घटनाएं शामिल थीं। दमकलकर्मियों ने 1249 लोगों की जान बचाई जबकि 823 लोगों की विभिन्न हादसों में मौत हो गई। पिछले साल की तुलना में कॉल्स की संख्या और मौतों की संख्या में कमी आई है जागरूकता और सुरक्षा उपायों के कारण कई हादसों को टाला गया है।

    Hero Image
    दिल्ली में आग की घटनाएं घटीं। फाइल फोटो

    मोहम्मद साकिब, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आगजनी और अन्य आपदाओं से निपटने में दमकल विभाग की भूमिका बेहद अहम रहती है। उनकी जिम्मेदारियां केवल आग बुझाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राहत और बचाव कार्यों से लेकर आपदाओं में मानव जीवन और पशु-पक्षियों की रक्षा तक फैली होती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विभाग द्वारा जारी आंकड़े इस वर्ष की स्थिति को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं। इस वर्ष 24 जुलाई तक दिल्ली दमकल विभाग को कुल 19,807 कॉल्स प्राप्त हुईं। इन काल्स में आग लगने, इमारत गिरने और अन्य तरह की आपदाओं की घटनाएं शामिल थीं। इन घटनाओं में दमकलकर्मियों ने राहत और बचाव कार्यों में सैकड़ों लोगों की जान बचाई।

    वहीं, आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में कुल 1,249 लोगों की जिंदगी सुरक्षित की गई। हालांकि, यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में कुछ कम है। बीते वर्ष की समान अवधि में दमकल कर्मियों ने 1,341 लोगों को बचाया था। दूसरी ओर, हादसों में जान गंवाने वालों की संख्या भी सामने आई है।

    इस वर्ष अब तक विभिन्न हादसों में 823 लोगों की मौत दर्ज की गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक यह संख्या 920 थी। यानी इस वर्ष मौतों की संख्या कुछ कम रही।

    वहीं दमकल विभाग को प्राप्त काल्स की संख्या में भी कमी आई है। पिछले वर्ष 24 जुलाई तक विभाग को कुल 21,825 काल्स मिली थीं, जबकि इस वर्ष यह घटकर 19,807 रह गईं।

    विशेषज्ञों के अनुसार, काल्स की संख्या में आई कमी के दो कारणों से हो सकते हैं। एक ओर आग और अन्य आपदाओं की घटनाओं में कमी आई है, वहीं दूसरी ओर जागरूकता और सुरक्षा उपायों के चलते कई हादसों को टाला भी जा सका है।

    दिल्ली दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, टीम हर परिस्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के लिए प्रतिबद्ध है। हादसे की सूचना मिलते ही नजदीकी दमकल स्टेशन से टीमें मौके पर रवाना की जाती हैं, जिससे कम से कम नुकसान सुनिश्चित हो सके।

    विभाग की चुनौतियों में घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने में कठिनाई और संकरी गलियों में बड़े दमकल वाहनों का प्रवेश शामिल है, लेकिन इसके बावजूद कर्मियों ने अपने साहस और तत्परता से राहत कार्यों को अंजाम दिया। हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन, भवनों में फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता और लोगों में जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में आज फिर स्कूल को बम से उड़ाने की मिली धमकी, ई-मेल से मचा हड़कंप

    आंकड़े दर्शाते हैं कि इस वर्ष दिल्ली दमकल विभाग ने कम काल्स मिलने के बावजूद बड़ी संख्या में लोगों की जान बचाई और हादसों में मौत के आंकड़े भी कुछ घटे।

    दमकल विभाग को मिली कॉल्स

    माह - वर्ष 2024 - वर्ष 2025

    जनवरी - 2,502 - 2,183

    फरवरी - 2,150 - 2,083

    मार्च - 2,483 - 2,951

    अप्रैल - 3,487 - 4,137

    मई - 5,218 - 3,437

    जून - 4,256 - 3,005

    24 जुलाई तक - 1,729 - 2,011

    दमकलकर्मियों द्वारा बचाए गए लोग

    माह - वर्ष 2024 - वर्ष 2025

    जनवरी - 182 - 176

    फरवरी - 184 - 145

    मार्च - 172 - 182

    अप्रैल - 237 - 183

    मई - 216 - 255

    जून - 237 - 139

    24 जुलाई तक - 113 - 169

    विभिन्न हादसों में मरने वालों की संख्या

    माह - वर्ष 2024 - वर्ष 2025

    जनवरी - 97 - 91

    फरवरी - 108 - 92

    मार्च - 117 - 139

    अप्रैल - 142 - 130

    मई - 159 - 140

    जून - 211 - 141

    24 जुलाई तक - 86 - 90

    इस वर्ष विभाग को मिलने वाली काल्स में कमी आई है। वहीं हादसों में भी मरनेवालों की संख्या में गिरावट दर्ज हुई है। दमकलकर्मियों ने कई हादसों में मौके पर पहुंच तत्परता से लोगों की जान बचाई है। विभाग का यही प्रयास रहता है कि समय से पहुंच स्थिति कंट्रोल में की जाए और लोगों की जान बचाई जाए। - संजय कुमार तोमर, उप निदेशक, दिल्ली अग्निशमन विभाग