दिल्ली के पॉश इलाके में वृद्धा को धक्का देकर गले से चेन लूटी, सड़क पर गिरने से पैर की हड्डी टूटी
दक्षिणी दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव में बाइक सवार बदमाशों ने 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को धक्का देकर सोने की चेन लूट ली। सड़क पर गिरने से महिला के पैर की हड्डी टूट गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता एक डॉक्टर हैं और सरोजनी नगर मार्केट में उनका क्लिनिक है।

जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। सफदरजंग एन्क्लेव में बाइक सवार बदमाशों ने 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को धक्का देकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली। सड़क पर गिरने से वृद्धा के दाहिने पैर की हड्डी टूट गई।
बदमाश वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित डॉ. सुशीला मुनिरका डीडीए फ्लैट में रहती हैं और सरोजनी नगर मार्केट में उनका क्लिनिक है।
पुलिस काे दी शिकायत में बताया कि 25 जुलाई को दोपहर करीब तीन बजे वह सफदरजंग एन्क्लेव स्थित एक बैंक में किसी काम से गई थी। बैंक से काम खत्म होने के बाद वह अपनी कार के पास आई तो देखा कि उनकी गाड़ी के पास एक बाक्स रखा हुआ था।
उन्होंने पास ही एक दुकान वाले को मदद के लिए बुलाया और उसके साथ मिलकर उस बाक्स को हटाने लगी। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और उन्हें धक्का देकर गले से सोने की चेन तोड़ ली।
धक्का लगने से महिला गिर गई और उनके दाहिने पैर की हड्डी टूट गई। उन्हें एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया। डॉ. सुशीला के अनुसार आरोपितों ने हेलमेट पहन रखे थे तो वे उनका चेहरा नहीं देख पाई। पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की पहचान करने में जुटी हुई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।