24 AC, 16 पंखे, 5 TV... सीएम रेखा गुप्ता के बंगले में और क्या-क्या होंगी सुविधाएं? शानदार ऑफिस भी हो रहा तैयार
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सरकारी आवास को लेकर भाजपा की टेंशन बढ़ सकती है। मुख्यमंत्री के बंगले में 24 एसी 5 टीवी 16 पंखे और तीन झूमर लगाए जाएंगे। बंगले का कार्य दो चरणों में हो रहा है पहले बिजली के उपकरण बदले जाएंगे फिर अन्य कार्य होंगे। आवास से पहले मुख्यमंत्री का कार्यालय तैयार होगा जहाँ वे जनसुनवाई करेंगी।

जागरण संवाददाता, दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के बंगले को लेकर उठने वाले सवाल अब भाजपा की टेंशन भी बढ़ा सकते हैं। दरअसल, ऐसा इसलिए कहा जा रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सरकारी आवास पर मिलने वाली सुविधाओं को लेकर जानकारी सामने आई है।
सीएम रेखा गुप्ता के बंगले में दो टन वाले 24 AC, 5 बड़े TV, 16 पंखे और तीन बड़े झूमर लगाए जाएंगे। आइए जानते हैं कि सीएम रेखा गुप्ता के सरकारी बंगले में और क्या-क्या सुविधाएं होंगी।
बता दें कि सीएम रेखा गुप्ता के सरकारी बंगले का कार्य दो चरणों में हो रहा है। पहले चरण में बिजली के उपकरणों के बदलने का कार्य किया जा रहा है। इसके बाद दूसरे चरण में बाकी काम किया जाएगा।
सीएम रेखा गुप्ता के सरकारी आवास में 24 एसी, 5 टीवी और 16 पंखे के अलावा किचन में छह गीजर लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं किचन में कई ब्रांडेड उपकरण भी लगाए जाएंगे। इनके अलावा उनके बंगले में और भी कई लग्जरी सुविधाएं होंगी।
आवास से पहले तैयार होगा मुख्यमंत्री का कार्यालय
राजनिवास मार्ग पर बनने जा रहे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास से पहले उनका कार्यालय तैयार होगा। दिल्ली सरकार के सूत्रों का कहना है कि पहले सीएम कार्यालय को लेकर तैयारी की जा रही है, जिस बंगले में अधिक काम नहीं होना है, इसलिए वहां यह बंगला जल्द तैयार हो जाएगा। बंगला तैयार होने पर मुख्यमंत्री जनसुनवाई यहीं पर शुरू करेंगी। सीएम अभी फिलहाल शालीमारबाग क्षेत्र में अपने निजी आवास में ही रह रही हैं।
दिल्ली की नई सरकार के गठन के 100 दिन बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का सरकारी आवास सिविल लाइंस के राजनिवास मार्ग पर निर्धारित किया गया है। इस मार्ग पर स्थित बंगला नंबर 1/8 व 2/8 को मिलाकर मुख्यमंत्री आवास बनाया जा रहा है। इसी में इनका कैंप कार्यालय भी बनाया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इसकी मरम्मत कर रहा है। इन दोनों को मुख्यमंत्री आवास के लिए आवंटित किया जा चुका है।
बताया गया कि एक बंगले में मुख्यमंत्री रहेंगी और दूसरे में कैंप कार्यालय होगा। इस समय मुख्यमंत्री शालीमारबाग स्थित अपने निजी आवास में रह रही हैं। जहां से वह जल्द अपने बंगले में आने की तैयारी में हैं। सिविल लाइन्स में उनका बंगला लेने का एक कारण यह भी है कि यहां से उनका विधानसभा क्षेत्र शालीमारबाग नजदीक पड़ता है।दूसरे शब्दों में कहें तो दिल्ली सचिचालय से शालीमारबाग जाने के बीच रास्ते में ही उनका आवास होने जा रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि यह आवास आवंटन को लेकर गृह मंत्रालय के दिशा निर्देश के अनुरूप है। मुख्यमंत्री को जेड श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। राजनिवास मार्ग स्थित बंगलों में चार बेड रूम, बड़ा लिविंग व ड्राइंग रूम, स्टाफ क्वार्टर और लान उपलब्ध है। पीडब्ल्यूडी ने मुख्यमंत्री आवास के साथ कैंप कार्यालय के उन्नयन का काम शुरू कर दिया है, जिसे एक माह में पूरा कर लिया जाएगा। बता दें कि दिल्ली में मुख्यमंत्री का कोई आधिकारिक आवास नहीं है। इस कारण प्रत्येक मुख्यमंत्री अलग-अलग आवास में रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।