दिल्ली की सड़कों से एक झटके में हटीं 500 से ज्यादा बसें, यात्रियों की हो रही भारी परेशानी
दिल्ली में 533 डीटीसी और क्लस्टर बसें बंद होने से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। राजघाट कश्मीरी गेट आईएसबीटी जैसे स्थानों पर लंबी कतारें देखी गईं। सीमापुरी राजघाट और नजफगढ़ डिपो की बसें पूरी तरह बंद हैं जिससे मध्य और पूर्वी दिल्ली के लोग प्रभावित हैं। बाहरी दिल्ली में बस सेवाएं सामान्य हैं।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 533 डीटीसी व क्लस्टर बसों की बड़ी संख्या में सेवाएं बंद होने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्लस्टर बसों की सेवा बाधित होने से राजघाट पावर हाउस, कश्मीरी गेट आईएसबीटी, लाल किला, नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, पंजाबी बाग टर्मिनल, केंद्रीय टर्मिनल, रकाबगंज और उत्तम नगर सहित कई प्रमुख स्थानों पर यात्रियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
यात्री घंटों तक धूप में खड़े रहकर बसों का इंतजार करते रहे, लेकिन बसें नहीं पहुंचीं। मजबूरी में लोगों को आटो, ई-रिक्शा और टैक्सी जैसे महंगे विकल्पों का सहारा लेना पड़ा। इससे न सिर्फ यात्रियों की जेब पर असर पड़ा, बल्कि समय की भी भारी बर्बादी हुई।
सीमापुरी, राजघाट और नजफगढ़ क्लस्टर डिपो की बस सेवाएं पूरी तरह बंद हो गई हैं। इन डिपो की बसें ज्यादातर मध्य और पूर्वी दिल्ली में संचालित होती हैं, जिसका सीधा असर इन इलाकों के यात्रियों पर पड़ा है। उत्तम नगर बस टर्मिनल से चलने वाली क्लस्टर बस संख्या 511 के बंद होने से भी यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
यह बस उत्तम नगर से सराय काले खां तक चलती थी। यात्रियों ने बताया कि जैसे ही उन्हें इस रूट पर बस सेवा बंद होने की जानकारी मिली, वे काफी निराश हो गए। हालांकि टर्मिनल से करीब 100 मीटर दूर तिलक नगर से चलने वाली बसों का विकल्प मौजूद था, लेकिन इनमें पहले से भीड़ होने के कारण खड़े होकर सफर करना पड़ा।
महिलाओं को सरकारी योजना के तहत बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलती है, उन्हें भी मजबूरी में पैसे खर्च कर टैक्सी या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा। राजघाट पर टैक्सी में बैठी कुछ महिलाओं ने बताया कि वे सीमापुरी जाना चाहती थीं और आधे घंटे से बस का इंतजार कर रही थीं, लेकिन बस न आने पर टैक्सी करनी पड़ी। यात्रियों का कहना है कि बसों के कम होने से उन्हें गंतव्य तक पहुंचने में दुगना समय लग रहा है।
हालांकि बाहरी दिल्ली के कुछ हिस्सों में क्लस्टर बस सेवाएं सामान्य हैं। रानीखेड़ा, कंझावला और नांगलोई जैसे क्षेत्रों में तीन डिपो से रोजाना 485 बसें चलाई जा रही हैं। रूट संख्या 937, 944, 982, 539, 926 और 938 पर बसें पूर्ववत चल रही हैं और यात्रियों को इन क्षेत्रों में कोई परेशानी नहीं हो रही है।
धर्मपुरा बस स्टैंड पर खड़ा हूं। एक घंटे से रूट नम्बर 318 की बस आई नहीं है। मैं नोएडा में नौकरी करता हूं। पहले 10 से 20 मिनट में बस मिल जाती थी। अकबर, यात्री
मुझे पटेल नगर से सीमापुरी जाना है। मैं सीलमपुर बस स्टैंड पर उतर गई। यहाँ रूट नम्बर 214 का इंतज़ार कर रही हूं। 30मिनट से बस नही है। रोजी, यात्री
मैं काफी देर से राजघाट पावर हाउस पर बैठा हुआ हूं। बसे के इंतजार में यहां बैठा हूं। इनके अलावा कश्मीरी गेट आइएसबीटी में भी बस बंद होने से लोग परेशान नजर आ रही है। अभिराज, यात्री
दिल्ली में बस सेवाएं बाधित: प्रमुख स्थानों पर कुल बंद बसों का डेटा
स्थान क्लस्टर बसें बंद डीटीसी बसें बंद कुल बंद बसें
- उत्तम नगर टर्मिनल से सराय कालें खां (आइएसबीटी) - 28- 4 - 32
- झड़ौदा बार्डर से नेहरू प्लेज टर्मिनल - 30- 28 - 58
- नजफगढ़ टर्मिनल से केंद्रीय टर्मिनल - 14 - 1 - 15
- नजफगढ़ टर्मिनल से आजादपुर टर्मिनल - 20- 26- 46
- आनंद विहार आइएसबीटी टर्मिनल से महरौली टर्मिनल - 20-20-40
- झील टर्मिनल से त्रिनगर जय माता मार्केट - 12-17 - 29
- न्यू सीमा पुरी से ओल्ड दिल्ली रेलवे स्टेशन - 12-5 - 17
- ओल्ड दिल्ली रेलवे स्टेशन से नंद नगरी टर्मिनल -11- 6- 17
- आइएसबीटी कश्मीरी गेट से बदरपुर बार्डर - 5 - 20 - 25
- न्यू सीमा पुरी से केंद्रीय टर्मिनल - 2 - 13 -15
यह भी पढ़ें- यात्रियों के लिए गुड न्यूज, अंतिम चरण में पहुंचा Namo Bharat और Metro Station के बीच फुटओवर का काम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।