विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 24, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Yamuna किनारे रेड कारपेट और दो सिंहासन... भाजपा की केजरीवाल और आतिशी को चुनौती- आएं और लगाएं डुबकी

Published: Thu, 24 Oct 2024 12:27 PM (IST)Updated: Thu, 24 Oct 2024 01:04 PM (IST)

दिल्ली में छठ पूजा से पहले यमुना प्रदूषण को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Virendraa Sachdeva ...और पढ़ें

आतिशी और केजरीवाल नहीं पहुंचे तो वीरेंद्र सचदेवा ने लगाई यमुना में डुबकी। जागरण
आतिशी और केजरीवाल नहीं पहुंचे तो वीरेंद्र सचदेवा ने लगाई यमुना में डुबकी। जागरण

HighLights

  1. दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने दी थी केजरीवाल-आतिशी को चुनौती
  2. आज सुबह कुछ देर इंतजार के बाद वीरेंद्र सचदेवा ने खुद लगाई यमुना में डुबकी

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। छठ पूजा नजदीक आते ही यमुना में प्रदूषण को लेकर राजनीति तेज होने लगी है। सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच जुबानी लड़ाई के बीच बृहस्पतिवार सुबह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष Virendraa Sachdeva ने यमुना में डुबकी लगाकर विरोध जताया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, अरविंद केजरीवाल ने वर्ष 2025 के चुनाव से पहले यमुना को साफ करने का वादा किया था। उन्होंने दिल्लीवासियों से कहा था कि वह स्वयं यमुना में डुबकी लगाएंगे।

नहीं आए केजरीवाल और आतिशी

हमने इसके लिए ही उन्हें व मुख्यमंत्री आतिशी को आमंत्रित किया था, लेकिन दोनों में से कोई नहीं आया। इसका कारण है कि उन्होंने यमुना को साफ नहीं किया।

सचदेवा ने आगे आरोप लगाया कि यमुना सफाई के लिए मिले फंड का दुरुपयोग हुआ। अब वह अपनी नाकामी छिपाने के लिए पड़ोसी राज्यों को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

सचदेवा ने एक्स पोस्ट से दी थी केजरीवाल को चुनौती

सचदेवा ने बुधवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि केजरीवाल को वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव के समय दिल्लीवासियों से किए गए वादे के अनुसार अब यमुना में डुबकी लगाना चाहिए।

इसके लिए बृहस्पतिवार सुबह आइटीओ स्थित घाट पर मुख्यमंत्री व केजरीवाल के लिए दो कुर्सी लगाकर रखी गई। कुछ देर के इंतजार के बाद सचदेवा ने यमुना में डुबकी लगाई।

सचदेवा बोले, उन्होंने मां यमुना से क्षमा मांगी कि दिल्ली की अरविंद केजरीवाल एवं आतिशी सरकार ने यमुना सफाई फंड के 8500 करोड़ रुपये का दुरुपयोग किया।

क्यों लगाया रेड कारपेट

सचदेवा से जब पत्रकारों ने पूछा कि आपने रेड कारपेट क्यों बिछाया है तो उन्होंने कहा कि केजरीवाल को शीश महल में रहने की आदत है। उन्हें राजशाही की आदत है, इसलिए उनका रेड कारपेट वेलकम करने के लिए हमने रेड कारपेट बिछाया है और दो कुर्सियों की परिपाटी तो आतिशी ने खुद शुरू की है।

वीरेंद्र सचदेवा ने आगे कहा, अगर पिछले 10 सालों में कोई व्यक्ति दिल्ली के प्रदूषण के लिए जिम्मेदार है तो वो अरविंद केजरीवाल हैं। बीते 10 सालों में प्रदूषण रोकने के नाम पर सिर्फ विज्ञापन दिए गए हैं। दिल्ली की स्थिति ऐसी नहीं होती अगर उन्होंने सच में कोई काम किया होता।

सचदेवा बोले, दिल्ली में सड़कों की हालत भी बेहद खराब है। केजरीवाल को शर्म आनी चाहिए कि उन्होंने अपने साथ ऐसे 60 लोगों को चुना है जो दिल्ली की हालत नहीं सुधार पा रहे हैं। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली को सिर्फ लूटा है।