Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Delhi News: नेताजी सुभाष प्लेस में एसी सर्विस करते समय आठवीं मंजिल से गिरा मैकेनिक, मौके पर हुई मौत

    Updated: Mon, 30 Jun 2025 09:39 PM (IST)

    दिल्ली के नेताजी सुभाष प्लेस में एसी सर्विसिंग के दौरान एक मैकेनिक राम सेवक की आठवीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई। पुलिस जांच में पता चला कि वह बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कर रहे थे। लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर पुलिस ने उनके साथियों से पूछताछ शुरू कर दी है। राम सेवक वजीराबाद के रहने वाले थे और शालीमार बाग में एसी मैकेनिक थे।

    Hero Image
    एसी सर्विस करते समय आठवीं मंजिल से गिरा मैकेनिक, मौत।

    जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। नेताजी सुभाष प्लेस इलाके में एसी की सर्विस कर रहे एक मैकेनिक की आठवीं मंजिल से नीचे गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान राम सेवक के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि राम सेवक बिना सुरक्षा उपकरणों के ही एक इमारत की आठवीं मंजिल पर काम कर रहे थे। तभी पैर फिसलने से यह हादसा हुआ।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस राम सेवक के साथ मौजूद उनके अन्य साथियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल भेज दिया है। अब पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि किसकी ओर से लापरवाही बरती गई।

    निजी दफ्तर के नवीनीकरण का काम चल रहा

    एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि राम सेवक परिवार के साथ वजीराबाद गांव में रहते थे। परिवार में पत्नी, बच्चे और साला है। राम शालीमार बाग स्थित एक दुकान पर एसी मैकेनिक का काम करते थे। कुछ दिनों से नेताजी सुभाष प्लेस स्थित एक इमारत की आठवीं मंजिल पर एक निजी दफ्तर के नवीनीकरण का काम चल रहा है।

    एसी का आउटडोर बालकनी के पास लगा हुआ था

    सोमवार को राम सेवक अपने साथी प्रदीप कुमार, चंदन और भारत भूषण और जगदीश के साथ नए एसी लगाने और पुरानों की सर्विस करने आए थे। एक एसी का आउटडोर बालकनी के पास लगा हुआ था। राम सेवक वहां चढ़कर उसको धोने का काम कर रहा था। इस बीच अचानक उसका पैर फिसला और वह नीचे गिर गए। साथ में मौजूद अन्य लोग भी नीचे पहुंचे, राम सेवक को पास के ही एक निजी अस्पताल लेकर गए। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है। पुलिस इस मामले में कई पहलुओं से जांच कर रही है।