झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की हालत गंभीर, वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखे गए
नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की हालत गंभीर है उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। किडनी की समस्या के चलते उनका इलाज चल रहा है। वहीं झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को ब्रेन स्ट्रोक के बाद दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उनकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। सर गंगाराम अस्पताल के आइसीयू में भर्ती झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। किडनी संबंधी समस्या के चलते जून के अंत में उन्हें यहां लाया गया था।
पिछले लगभग एक महीने से उनका उपचार चल रहा है। इधर, झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को ब्रेन स्ट्रोक के बाद एयर एंबुलेंस से लाकर दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो हास्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक शिबू सोरेन (81) का लंबे समय से सर गंगाराम अस्पताल में उपचार चल रहा है। पिछले कुछ समय से किडनी संबंधी परेशानी बढ़ी थी। समस्या बढ़ने पर विगत 24 जून को उन्हें अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया। सूत्रों के मुताबिक हाल में स्थिति गंभीर होने पर अब उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट रखा गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता शिबू सोरेन पार्ट के संस्थापक संरक्षक भी हैं।
अपोलो में भर्ती किए गए रामदास सोरेन
बाथरूम में गिरकर गंभीर रूप से घायल झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को एयर लिफ्ट कर दिल्ली लाया गया। दोपहर 1:50 पर उन्हें इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के आइसीयू में भर्ती कराया गया। हास्पिटल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। वरिष्ठ चिकित्सकों की मल्टीडिस्प्लिनरी टीम गहन चिकित्सा देखभाल के साथ ही उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।