यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली के व्यापारी से लूट करने वाला भगोड़ा बदमाश क्राइम ब्रांच के हत्थे चढ़ा, चाकू मारकर लूटे थे 50 लाख के गहने
दिल्ली के सुभाष प्लेस इलाके में व्यापारी के कर्मचारी से 50 लाख से अधिक के आभूषण लूटने वाले भगोड़े बदमाश ...और पढ़ें

HighLights
- 50 लाख के आभूषण लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार |
- क्राइम ब्रांच ने किया भगोड़े को गिरफ्तार |
- आगरा से हुई आरोपी शिवम की गिरफ्तारी |
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र में व्यापारी के कर्मचारी को चाकू मारकर 50 लाख से अधिक के सोने व चांदी के आभूषण लूटने वाले भगोड़ा घोषित बदमाश को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपित ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर हथियार के बल पर पाश इलाके में वारदात को अंजाम दिया था। स्थानीय पुलिस ने उसके साथियों को गिरफ्तार कर आभूषण जब्त कर लिए थे। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मंगोलपुरी के शिवम उर्फ शुभम उर्फ शिबू के रूप में हुई है।
सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए
उपायुक्त हर्ष इंदौरा के मुताबिक, 12 जून को तीन हथियारबंद हमलावरों ने एक सेल्समैन को चाकू मारकर 50 लाख से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए थे।
स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों में से एक, जितेंद्र उर्फ सुजल उर्फ पासी और आपराधिक षडयंत्र रचने में शामिल दो अन्य सह-आरोपितों विजय कुमार और विशाल सैन उर्फ विशु को गिरफ्तार कर आभूषण बरामद कर लिए थे।
हालांकि, आरोपित शिवम पकड़ में नहीं आ सका। उसे पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच को मामला सौंपा गया।
यह भी पढ़ें- Parking Dispute : दिल्ली के भलस्वा डेयरी में पार्किंग को लेकर जमकर हुआ पथराव, दो परिवारों की लड़ाई में छह घायल
आरोपित को धर दबोचा
एसीपी नरेंद्र बेनीवाल की देखरेख में इंस्पेक्टर संदीप स्वामी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इस बीच हेड कांस्टेबल राज आर्यन को गुप्त सूचना मिली कि आरोपित शिवम सती नगर, नरायच, आगरा में छिपा हुआ है। टीम ने सूचना वाले स्थान पर जाल बिछाते हुए आरोपित को धर दबोचा।
बोला- परिवार की आर्थिक स्थिति खराब
पूछताछ में उसने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद, उसके परिवार की आर्थिक स्थिति खराब थी। उसने छोटे-मोटे काम करने शुरू कर दिए, लेकिन अच्छी कमाई नहीं कर पा रहा था। उसके पड़ोसी विजय ने उसे नकदी और आभूषण लूटने का लालच दिया। पैसों के लालच में, उसने आपराधिक साजिश में शामिल अन्य सह-आरोपितों के साथ मिलकर लूटपाट को अंजाम दिया।
