'दिल्ली पूरे देश में महिलाओं के प्रति अपराध में नंबर वन', NCRB के आंकड़ों पर कांग्रेस ने BJP को घेरा
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने दिल्ली को अपराध की राजधानी करार दिया है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्य ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने दिल्ली को अपराध की राजधानी करार दिया है। उन्होंने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली पूरे देश में महिलाओं के प्रति अपराध में नंबर एक पर पहुंच गई है, जो चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की कानून व्यवस्था और सुरक्षा की सीधी जिम्मेदारी भाजपा की केंद्र सरकार पर है, जिसमें वो पूरी तरह नाकाम है। दिल्ली पुलिस में 13000 से अधिक पद खाली है जिस कारण अपराध में बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है।
पुलिस आयुक्त से मिलने का मांगा समय
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीति करती है और अपनी सरकार व गृह मंत्री से सवाल करने से डरती है, तो कांग्रेस के लोग महिला सुरक्षा पर उनके साथ गृहमंत्री से मिलने के लिए चलने को तैयार है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल के लिए महिला सुरक्षा पर पुलिस आयुक्त से भी मिलने का समय मांगा गया है ताकि हम अपने अनुभव के अनुसार सुझाव उनको दे सकें।
पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता अल्का लांबा ने कहा कि दिल्ली में प्रतिदिन तीन बेटियों के साथ दुष्कर्म हो रहे हैं, जिनके आहत परिवार के सदस्य उनकी जान की सुरक्षा के लिए अस्पतालों और न्याय के लिए पुलिस थानों और कोर्ट के चक्कर काट रहे है।
महिलाओं के प्रति अपराधों में 72.4 प्रतिशत की वृद्धि
उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति अपराधों में 72.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। 2022 में महिलाओं के साथ 14158 मामले सामने आए जिनमें अपहरण के 5585 मामले थे। इसी तरह बच्चों के साथ अपराध जहां 2020 में 5000 हुए थे वहीं 2022 में 7000 पहुंच गए, इसी तरह के मामले 4000 की जगह बढ़कर 5000 हुए। हत्या के मामलों में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने केंद्रीय बाल विकास मंत्री की दिल्ली में महिलाओं के प्रति अपराधों पर चुप्पी पर सवाल उठाया।
पूर्व विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि दिल्ली विधानसभा के होने वाले चार दिन के शीतकालीन सत्र में कानून व्यवस्था के मुद्दे उठाया जाना चाहिए, जिसकी कांग्रेस मांग करती है। पत्रकार वार्ता में चरिष्ठ पार्टी नेता चतर सिंह व अनुज आत्रेय भी मौजूद थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।