विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Weather Update: दिल्लीवासियों को नहीं मिलेगा सर्दी के सितम से छुटकारा, शून्य से नीचे पहुंचेगा तापमान

By sanjeev GuptaEdited By: Abhi Malviya
Published: Fri, 13 Jan 2023 07:36 AM (IST)

ठंड से परेशान दिल्लीवासियों को राहत मिलती नहीं दिख रही है। शनिवार से ठंड और शीतलहर और ज्यादा परेशान कर ...और पढ़ें

तीन दिन करना पड़ेगा भीषण ठंड का सामना
तीन दिन करना पड़ेगा भीषण ठंड का सामना

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड से परेशान लोगों को राहत मिलती नहीं दिख रही है। शनिवार से ठंड व शीतलहर और ज्यादा परेशान कर सकती है। 16 से 18 जनवरी तक दिल्ली में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राजस्थान के कुछ जिलों में तो न्यूनतम तापमान माइनस में जाने की संभावना जताई जा रही है।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, शुक्रवार को उस पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा, जिसके कारण अभी तापमान बढ़ रहा है। शनिवार से तापमान में फिर से गिरावट शुरू होगी। इस बार ठंड और शीतलहर का दौर 19 जनवरी तक चलने का अनुमान है। मौसम विभाग पहले ही इस वर्ष जनवरी की ठंड को 23 साल में तीसरी सबसे अधिक बता चुका है।

तीन दिन करना पड़ेगा भीषण ठंड का सामना

लाइव वेदर आफ इंडिया के संस्थापक नवदीप दहिया ने अनुमान जताया है कि 16 से 18 जनवरी के दौरान तीन दिन में भीषण ठंड का सामना करना पड़ सकता है। ट्वीट किया कि उन्होंने इतना कम तापमान का अनुमान पहले कभी नहीं देखा है। इस बार मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री नीचे तक पहुंच सकता है।

मौसम विभाग ने जताई असहमति

दहिया के पूर्वानुमान से मौसम विभाग व स्काईमेट वेदर ने असहमति जताई है। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि पहाड़ों पर हुई बर्फबारी की ठंडक उत्तर-पश्चिमी हवा के साथ उत्तर भारत को कंपकंपाएगी जरूर, लेकिन माइनस में तापमान राजस्थान के चूरू एवं सीकर में ही जाने का अनुमान है। फतेहपुर (सीकर) और चूरू में पांच जनवरी को भी न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 1.8 और 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।

न्यूनतम तापमान में आएगी गिरावट

पलावत ने कहा कि 16-17 जनवरी को दिल्ली में भीषण शीतलहर चल सकती है और न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। पलावत ने कहा कि नई शीतलहर की तीव्रता ज्यादा होगी, लेकिन इसकी अवधि पिछली शीतलहर के मुकाबले कम होगी, क्योंकि एक और पश्चिमी विक्षोभ 19 जनवरी से सक्रिय हो जाएगा। इस बार दो पश्चिमी विक्षोभों के बीच का अंतर कम है।

मौसम विभाग ने शनिवार से उत्तर-पश्चिम भारत के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान लगाया है। 15, 16 और 17 जनवरी को उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गंभीर शीतलहर, जबकि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर की स्थिति रहने की संभावना है।

कोहरे के कारण रद हुई तेजस, 14 घंटे देर से पहुंची कैफियत

कोहरे के कारण उत्तर रेलवे की ट्रेनें रद होने लगी हैं। भुवनेश्वर राजधानी के बाद 13 जनवरी को नई दिल्ली से लखनऊ के बीच चलने वाली तेजस एक्सप्रेस और कुरुक्षेत्र से खजुराहो के बीच चलने वाली गीता जयंती एक्सप्रेस को भी रद करने की घोषणा कर दी गई है। गुरुवार को दिल्ली आने वाली 54 ट्रेनें एक घंटे से 14 घंटे की देरी से अपने गंतव्य पर पहुंचीं।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कोहरे में ²श्यता कम रहने के कारण ट्रेनों की गति धीमी करनी पड़ती है जिससे वह देरी से गंतव्य पर पहुंच रही हैं। गुरुवार को कैफियत एक्सप्रेस सबसे ज्यादा 14 घंटे की देरी से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची। लखनऊ से आने वाली तेजस एक्सप्रेस लगभग छह घंटे की देरी से नई दिल्ली पहुंची। वापसी में पौने चार घंटे की देरी से रवाना हुई।

भारतीय खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) द्वारा संचालित इस ट्रेन के विलंब होने से यात्रियों को हर्जाना दिया जाता है। एक घंटे की देर होने पर प्रति यात्री एक सौ रुपये और दो या इससे ज्यादा देर होने पर प्रति यात्री ढाई सौ रुपये हर्जाना दिया जाता है।

यह भी पढ़ें- Weather Update: दिल्ली समेत इन राज्यों में ठंड फिर होगी प्रचंड, मुसीबत बन सकती है शीतलहर