केवल अधिकारों की बात न करें कर्तव्य का भी पालन करें... हर घर तिरंगा संगीत समारोह में बोलीं सीएम रेखा गुप्ता
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली में हर घर तिरंगा संगीत समारोह का आयोजन किया गया जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नागरिकों से कर्तव्यों का पालन करने का आग्रह किया। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने जामा मस्जिद से लाल किला तक तिरंगा यात्रा निकाली। पुरानी दिल्ली के व्यापारियों ने स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के नजदीक आने के साथ दिल्ली में हर ओर राष्ट्रभक्ति दिख रही है। केंद्र सरकार व भाजपा द्वारा विभिन्न आयोजन में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बुधवार को भारत मंडपम में हर घर तिरंगा संगीत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पार्श्व गायक शान ने अद्भभूत प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वतंत्रता सेनानियों की अमर पंक्ति “सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है” का उल्लेख कर उपस्थित जनों को प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रोताओं से आग्रह करते हुए कहा कि वे केवल अधिकारों की बातें न करें, बल्कि कर्तव्यों का भी ध्यान रखें। आयोजन में केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उपराज्यपाल वीके सक्सेना भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि स्वतंत्रता के प्रति अपने भाव को कुछ शब्दों में व्यक्त करना हो तो यही कहना चाहूंगी कि “तन समर्पित, मन समर्पित और यह जीवन समर्पित।
” मुख्यमंत्री ने देश के लिए और अधिक योगदान देने की अपनी इच्छा व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि जीवन में हमें और अवसर प्राप्त हों ताकि हम राष्ट्र की सेवा कर सकें।
तिरंगा यात्रा में बढ़चढ़कर शामिल हुए लोग
देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय एकता की मिसाल पेश करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में दिल्ली भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा जामा मस्जिद से जोश और उत्साह के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जो लाल किला तक गई।
यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में तिरंगा तथा आंखों में देशप्रेम की चमक देखते ही बन रही थी। रास्ते भारत माता की जय, वंदे मातरम और हिन्दुस्तान जिंदाबाद के नारों से गूंज रहे थे।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि किसी भी धर्म से ऊपर भारत राष्ट्र है और हमेशा रहेगा। जिस प्रकार से हमारे मुसलमान भाई, बहनों ने हाथों में तिरंगा लेकर देश के प्रति अपना स्नेह दिखाया वह एक मिसाल बना है।
व्यापारियों ने लिया स्वदेशी का संकल्प
इसी तरह, पुरानी दिल्ली के बाजारों में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। मोरी गेट स्थित भोला राम मार्केट में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। जहां
व्यापारी किशन धवन, बाजार अध्यक्ष चंद्र भूषण गुप्ता, सुनील खन्ना,गोल्डी, मग्गो, राकेश सेठी, भारत भूषण समेत अन्य ने विदेशी वस्तुओं का व्यापार नहीं करने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में पांच साल तक रोज 500 आवारा कुत्ते हटाए जाएं तब भी नहीं बनेगी बात... नगर निगम ने जारी की हेल्पलाइन
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (1)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।