Delhi Chunav 2025: नई दिल्ली के अलावा ये सीट बनी सबसे हॉट, दिग्गजों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला
Delhi Election 2025 दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की सभी 10 विधानसभा सीटों पर चुनावी बिगुल बज चुका है। इस बार कालकाजी विधानसभा सबसे हॉट सीट बन गई है। यहां से आप की तरफ से मुख्यमंत्री आतिशी चुनावी मैदान में हैं तो भाजपा ने दो बार सांसद और तीन बार विधायक रहे रमेश बिधूड़ी पर दांव लगाया है। कांग्रेस ने अलका लांबा को प्रत्याशी घोषित किया है।

शनि पाथौली, दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की सभी 10 विधानसभा सीटों पर चुनावी बिगुल बज चुका है। इस चुनावी रणभेरी में भाजपा ने आठ, कांग्रेस (Congress) ने सात और आप (AAP) ने सभी 10 सीटों पर अपने योद्धा उतार दिए हैं। शेष सीटों पर मजबूत प्रत्याशी उतारने के लिए भाजपा और कांग्रेस पार्टी का मंथन चल रहा है।
एक तरफ भाजपा (Delhi BJP) और कांग्रेस अपनी खोई जमीन वापस लेने के लिए जद्दोजहद कर रही हैं तो आप अपना गढ़ बचाने के लिए चुनावी रण में मजबूती से उतर चुकी है। इस बार यहां कालकाजी विधानसभा सबसे हॉट सीट बन गई है। यहां पर आप की तरफ से मुख्यमंत्री आतिशी (Atishi) चुनावी मैदान में हैं तो भाजपा ने दो बार सांसद और तीन बार विधायक रहे रमेश बिधूड़ी पर दांव लगाया है।
कालकाजी सीट पर कांटे की टक्कर
इस सीट पर कांग्रेस ने अलका लांबा को प्रत्याशी घोषित किया है। इससे यहां अब कांटे का मुकाबला देखने को मिल सकता है। दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में बिजवासन, पालम, महरौली, छतरपुर, देवली, अंबेडकर नगर, संगम विहार, कालकाजी, तुगलकाबाद, बदरपुर विधानसभा सीटें आती हैं।
पिछले विधानसभा चुनाव में इन 10 में से मात्र एक सीट बदरपुर पर भाजपा का खाता खुला था, बाकी नौ सीट पर आप ने जीत दर्ज की थी।
भाजपा ने दो और कांग्रेस ने तीन जगह नहीं खोले पत्ते
भाजपा ने देवली व संगम विहार और कांग्रेस ने पालम, तुगलकाबाद व बदरपुर में अपने पत्ते नहीं खोले हैं। पिछले चुनाव में देवली, संगम विहार, पालम और तुगलकाबाद सीट पर आप ने जीत दर्ज की थी। तुगलकाबाद सीट पर आप के सहीराम पहलवान ने भाजपा के विक्रम बिधूड़ी को हराकर लगातार दो बार जीत दर्ज कर चुके हैं। इस बार भाजपा ने यहां प्रत्याशी बदलकर रोहताश बिधूड़ी पर भरोसा जताया है।
आप ने देवली से तीन बार चुने गए प्रकाश जारवाल का टिकट काटकर प्रेम कुमार चौहान को दिया है, जबकि पालम में जोगिंद्र सोलंकी को टिकट दिया है। भाजपा ने उनके सामने कुलदीप सोलंकी को उतारा है। दोनों ही नए चेहरे हैं। इस सीट पर भाजपा ने चार , आप ने दो और कांग्रेस ने एक बार जीत दर्ज की है।
बीएस जून की जगह राजनगर से पार्षद सुरेंद्र भारद्वाज मैदान में उतारा
बिजवासन विधानसभा सीट पर इस बार भारतीय जनता पार्टी की ओर से कैलाश गहलोत और कांग्रेस की ओर से देवेंद्र सहरावत को चुनाव मैदान में उतारा गया हैं। आम आदमी पार्टी ने वर्तमान विधायक बीएस जून की जगह राजनगर से पार्षद सुरेंद्र भारद्वाज को मैदान में उतारा है।
यहां पर भाजपा और कांग्रेस ने जाट मतदाताओं का ध्यान खींचने के लिए जाट समाज के प्रत्याशियों पर दांव खेला है। कैलाश गहलोत और देवेंद्र सहरावत पूर्व में आम आदमी पार्टी में थे। इस सीट को जाट बहुल माना जाता रहा है। यहां पर कई बड़े गांवों में जाटों की संख्या अधिक है।
इनमें महिपालपुर, बिजवासन, कापसहेड़ा मुख्य रूप से शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में प्रवासी मतदाता भी रहते हैं। इस सीट पर भाजपा के सत्यप्रकाश राणा ने 2008 और 2013 में जीत दर्ज की थी। इस सीट पर 2015 से आप का कब्जा है। यहां पर 2020 में चुनाव में आप को 57,271, भाजपा को 56,518 और कांग्रेस को 5,937 वोट मिले थे।
बदरपुर सीट
पिछले चुनाव में भाजपा के खाते में एकमात्र सीट बदलपुर थी। रामवीर सिंह बिधूड़ी (Ramvir Singh Bidhuri) के लोकसभा जाने पर भाजपा ने नारायण दत्त शर्मा को प्रत्याशी बनाया है, जबकि आप ने रामसिंह नेताजी पर भरोसा जताया है, जो 2020 में हारे थे।
इस सीट पर नारायण दत्त शर्मा 2015 के चुनाव में आप से जीते थे। यहां से रामसिंह नेताजी दो बार विधायक चुने गए हैं। अब दोनों के बीच कांटे का मुकाबला है। यहां पर कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।
छतरपुर सीट
छतरपुर सीट पर भी कांटे का मुकाबला हो सकता है। भाजपा ने करतार सिंह तंवर और आप ने ब्रह्म सिंह तंवर पर दांव खेला है। इस सीट पर करतार सिंह तंवर आप से 2015 और 2020 में विधायक रहे हैं, जबकि ब्रह्म सिंह तंवर 2013 में भाजपा से विधायक चुने गए थे।
दोनों ही गुर्जर समाज से आते हैं और एक ही परिवार से हैं। यहां से कांग्रेस ने भी गुर्जर प्रत्याशी राजेंद्र तंवर को चुनाव मैदान में उतारा है। वह पूर्व में पार्षद रह चुके हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।