दिल्ली के विकासपुरी में सीबीआई अधिकारी बनकर बुजुर्ग महिला को दिया झांसा, छह लाख का चूना लगाया
पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सीबीआई अधिकारी बनकर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को इलाके में लूटपाट का डर दिखाकर उससे सोने के गहने ठग लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। विकासपुरी थाना क्षेत्र में सीबीआई अधिकारी बनकर बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला से गहने ठग लिए। इलाके में वारदात होने की जानकारी देकर बदमाशों ने महिला से उसके गहने उतरवा लिए और लेकर भाग गए।
पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। बुजुर्ग रजनी विकासपुरी इलाके में रहती है।
विकासपुरी में दर्ज प्राथमिकी में रजनी ने बताया कि 22 अगस्त की दोपहर वह एफ ब्लाॅक स्थित बैंक गई थी। वहां से वह घर जा रही थी। सेंट सिसलिया स्कूल के पास बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास आकर रुके।
एक युवक उनके पास आया और खुद को सीबीआई का अधिकारी बताया। उसने कहा कि कल इस इलाके में लूटपाट की वारदात हुई थी। ऐसे में बदमाश ने उन्हें सोने के गहने पहनकर जाने से मना किया।
उसने जेब से एक कागज निकाल कर उन्हें गहने उतारकर उसमें डालने के लिए कहा। पीड़िता ने उससे कागज लेकर ढाई तोले के सोने के कंगन, ढाई तोले के सोने की चेन और पांच ग्राम की सोने की अंगूठी डाल दिया।
उसके बाद युवक उनसे कागज लेकर देखा और फिर कागज को उनके बैग में डाल दिया। पीड़िता वहां से ई-रिक्शा पर सवार होकर घर जाने लगी, लेकिन शक होने पर उन्होंने बैग से कागज निकाल कर देखा। उसमें से गहने गायब मिले।
पीड़िता ने तुरंत घटना की शिकायत पुलिस से की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर छानबीन करने के बाद पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया।
जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच कर बदमाशों की पहचान की जा रही है।
यह भी पढ़ें- Manisha Murder Case: दोषियों को फांसी देने की मांग, गुस्साए लोगों ने सड़क पर उतरकर की नारेबाजी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।