Bihar Election: विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी दिल्ली भाजपा, बिहार के रहने वालों को साधने की रणनीति तैयार
भाजपा दिल्ली में रहने वाले बिहारियों को साधने की तैयारी कर रही है। इसके लिए एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत मंडल स्तर पर सूची बनाई जा रही है। दिल्ली में रहने वाले 25 लाख से अधिक बिहारियों से संपर्क किया जा रहा है ताकि उन्हें बिहार चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा सके। विभिन्न संगठनों से संपर्क किया जा रहा है।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर भाजपा दिल्ली में रहने वाले राज्य के लोगों को साधने में जुट गई है। एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के माध्यम से उनके साथ संपर्क किया जा रहा है।
उनका पूरा विवरण तैयार किया जा रहा है, जिससे कि बिहार विधानसभा चुनाव में उनका उपयोग किया जा सके। मंडल स्तर तक इसके लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। पार्टी का प्रयास अधिक से अधिक लोगों से संपर्क करने की है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत के बाद अब भाजपा की नजर बिहार विधानसभा चुनाव पर है। इसकी तैयारी में दिल्ली प्रदेश भाजपा भी अपना योगदान दे रही है। प्रत्येक मंडल को दिल्ली में रहने वाले बिहार के लोगों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
पूर्वांचल मोर्चा के साथ ही भाजपा के प्रकोष्ठों को भी विशेष जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा नेताओं का कहना है कि दिल्ली में 25 लाख से अधिक बिहार के लोग रहते हैं।
इनमें से कई लोग दिल्ली के मतदाता हैं, लेकिन उनके स्वजन अपने गांव रहते हैं। इसी तरह से यहां रहने वाले कई लोग बिहार में मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं। दोनों तरह के लोगों से संपर्क किया जा रहा है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि पूर्वांचल मोर्चा को अपनी सूची को संशोधित करने को कहा गया है, क्योंकि दिल्ली चुनाव तक वह सिर्फ यहां के मतदाताओं पर ध्यान केंद्रित करते थे। अब उन्हें बिहार से संबंधित प्रत्येक व्यक्ति से संपर्क करना है।
इसी तरह से अलग-अलग प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी इस काम में अपना योगदान दे रहे हैं। इसके लिए अलग-अलग व्यवसाय से जुड़े लोगों, छठ पूजा समिति, सरस्वती पूजा समिति व अन्य धार्मिक व सांस्कृतिक संगठनों से संपर्क किया जा रहा है।
इस माह के अंत तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा। उसके आधार पर चुनाव प्रचार की रणनीति तैयार की जाएगी। उन्हें केंद्र और दिल्ली सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
साथ ही यह अपील की जाएगी कि वह बिहार में रहने वाले अपने रिश्तेदारों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित करें।
यदि वह बिहार के मतदाता होंगे तो उन्हें वहां जाकर मतदान करने को कहा जाएगा। वहीं, विभिन्न व्यवसाय से जुड़े लोगों को भाजपा के साथ जोड़कर उन्हें चुनाव से संबंधित दायित्व देने की भी योजना है।
यह भी पढ़ें- Bihar Election: समान चुनाव चिह्न के लिए अखिल भारतीय जनसंघ ने लगाई गुहार, HC का निर्वाचन आयोग को नोटिस
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।