दिल्ली के इस इलाके में जलभराव से लोग परेशान, स्थायी समिति की अध्यक्ष ने दिए सख्त निर्देश
पूर्वी दिल्ली में नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने भजनपुरा वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने नालियों से बहते गंदे पानी और गोकलपुर ड्रेन में गंदगी को देखा। जलभराव की समस्या को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निवासियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली में नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने सोमवार को भजनपुरा वार्ड में निरीक्षण किया।
इस दौरान कई नालियों के बाहर गंदा पानी बहता हुआ मिला। गोकलपुर ड्रेन में गंदगी दिखी। उनके साथ निरीक्षण में साथ चल रहे क्षेत्रीय विधायक अजय महावर और पार्षद रेखा रानी ने उनको अवगत कराया कि करावल नगर व दयालपुर की ओर सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के नाले का पानी वजीराबाद रोड के नीचे से नगर निगम के गोकलपुर ड्रेन में आता है।
पिछले वर्ष नवंबर से वहां से निगम के ड्रेन में अधिक मात्रा में पानी आ रहा है। जिससे इसमें जलस्तर बढ़ने से भजनपुरा की लिंक नालियों में जलभराव की समस्या है। सत्या शर्मा ने मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्रेन के साथ छोटी नालियों की भी समयबद्ध सफाई सुनिश्चित की जाए और इससे जुड़ी अन्य समस्याओं का निदान किया जाए। इसके लिए उन्होंने अतिरिक्त कर्मचारियों और मशीनें लगाने के निर्देश दिए।
स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों व नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। स्थानीय निवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनका त्वरित और प्राथमिकता पर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम सभी जोन में विकास कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम किया जाएगा, ताकि जनता को कार्यों का लाभ शीघ्र मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जमीनी स्तर पर काम की निगरानी करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त जितेंद्र यादव, चीफ इंजीनियर केपी सिंह, उपायुक्त अभिषेक कुमार, भाजपा के उत्तर पूर्वी जिलाध्यक्ष डा. यूके चौधरी, बिजेंद्र प्रधान आदि उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।