Delhi Weather: दिल्ली में मौसम गजब! रात को बारिश तो दिन में छूटे पसीने, IMD की रिपोर्ट कर देगी हैरान
दिल्ली में सर्दी के मौसम में गर्मी का रिकॉर्ड बन रहा है। पिछले पांच दिनों से दोपहर के समय लोगों को पसीना आ रहा है। बुधवार की रात को दिल्ली में कई जगहों पर हल्की बारिश हुई लेकिन इससे तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले एक-दो दिन में तापमान फिर कम होने लगेगा।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में इस बार सर्दी में गर्मी का रिकॉर्ड बन रहा है। बीते पांच दिनों से दोपहर के समय लोगों का पसीना छूट रहा है। बुधवार की रात भी दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर हल्की बरसात हुई जबकि बृहस्पतिवार को दिन में लोगों को कार में एसी चलाना पड़ गया। हालांकि मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले एक दो दिन में तापमान फिर कम होने लगेगा।
बुधवार रात साढ़े 11 से ढाई बजे के दौरान कई इलाकों में हल्की वर्षा हुई। लेकिन इससे तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान जहां सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक 11.0 दर्ज हुआ वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक 24.8 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 100 से 50 रिकॉर्ड हुआ।
जहां तक वर्षा का सवाल है तो सफदरजंग पर 0.5 मिमी, लोधी रोड पर 1.2 मिमी, आयानगर में 4.2 मिमी, राजघाट पर 0.3 मिमी जबकि पालम और रिज क्षेत्र में बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शुक्रवार की सुबह ज्यादातर जगह स्मॉग एवं मध्यम श्रेणी का कोहरा रहने के आसार हैं। कहीं कहीं घना कोहरा भी संभव है। दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान 23 और 10 डिग्री रहा।
करीब एक दशक की सबसे कम सर्दी
दिल्ली में सर्दियों का चरम मौसम 27 दिसंबर से 20 जनवरी तक माना जाता है। इस दौरान सामान्य तापमान सबसे कम रहता है। या तो अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहता है या न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से कम। लेकिन इस बार सर्वाधिक ठंड वाले इस अवधि में औसत न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। यह 2015-16 के बाद सबसे ज्यादा है। इस सीजन का सबसे कम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस (12 और 16 दिसंबर को) रहा, जो पिछले 15 सालों में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान है।
हालांकि रातें गर्म रहीं, लेकिन दिन का तापमान सामान्य से कम होने की वजह से दिल्ली वालों को ठंड का एहसास हुआ। सर्वाधिक ठंड के मौसम में औसत अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
सर्दी जल्द खत्म नहीं होगी
इसकी मुख्य वजह कई दिनों तक बादल छाए रहना या कोहरा रहना था। लेकिन 19 जनवरी को मौसम में अचानक बदलाव आया और अधिकतम तापमान एक ही दिन में 5.5 डिग्री बढ़कर 25 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। इसके बाद से तापमान उच्च बना हुआ है, जिससे कई लोगों को लग रहा है कि सर्दी जल्दी खत्म हो जाएगी। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अभी ऐसा मान लेना जल्दबाजी होगी।
अभी बदल सकता है दिल्ली का मौसम
मौसम विभाग के प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने बताया, ''19 जनवरी के आसपास दिन के तापमान में अचानक वृद्धि हवा की दिशा बदलकर दक्षिण-पश्चिम होने की वजह से हुई। यह हवा उत्तरी मैदानों को गर्म करती है। हालांकि, 22-23 जनवरी को वर्षा के बाद हवा की दिशा उत्तरी होने की संभावना है, जो ठंडी होती है। इसका असर 24 जनवरी से तापमान पर दिखाई देना चाहिए।"
आखिर क्यों नहीं पड़ी ठंड?
महापात्र ने बताया कि दो मुख्य कारकों ने अब तक सर्दी को हल्का रखा है। एक, ला नीना का न होना, जिसके दिसंबर के आसपास आने का अनुमान था, लेकिन अभी तक नहीं आया है। ला नीना आमतौर पर उत्तर भारत में सर्दी को बढ़ा देता है। दूसरा कारक पश्चिमी विक्षोभ हैं जो इस क्षेत्र में लगातार आए हैं, जिससे हवा की दिशा में बार-बार बदलाव हुआ है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।