Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में इन बच्चों के लिए शुरू किया गया 'आरंभ', मिलेगी मुफ्त शिक्षा और हेल्थ सुविधा

    दिल्ली छावनी परिषद ने निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए आरंभ लर्निंग एंड सपोर्ट सेंटर शुरू किया है। इसका मकसद मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा देना है। सांसद बांसुरी स्वराज ने इसे एक आदर्श पहल बताया है। आरंभ बच्चों को बुनियादी शिक्षा स्कूल सामग्री और सुरक्षित वातावरण प्रदान करेगा। वर्तमान में 32 बच्चे इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।

    By Gautam Kumar Mishra Edited By: Monu Kumar Jha Updated: Wed, 27 Aug 2025 02:06 PM (IST)
    Hero Image
    आरंभ की शुरुआत पर अपनी बात कहतीं सांसद बांसुरी स्वराजसौ: रक्षा संपदा

    जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली छावनी परिषद द्वारा निर्माण क्षेत्र से जुड़े कामगारों के बच्चों को निश्शुल्क शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने की पहल करते हुए आरंभ लर्निंग एंड सपोर्ट सेंटर का शुभारंभ किया गया।

    इसके पीछे समावेशी विकास और बाल कल्याण दो प्रमुख उद्देश्य है। शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्रीय सांसद बांसुरी स्वराज, दिल्ली छावनी परिषद के अध्यक्ष ब्रिगेडियर विकास लाल, दिल्ली छावनी के उपाध्यक्ष राजेश गोयल सहित अनेक व्यक्ति उपस्थित थे।

    अपने संबोधन में सांसद बांसुरी स्वराज ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े बच्चों के लिए समान शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधा की आवश्यकता को रेखांकित किया। सांसद ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आरंभ आने वाले समय में देशभर में इसी प्रकार की पहलों के लिए एक आदर्श माडल सिद्ध होगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    क्यों पड़ी आरंभ की आवश्यकता

    हाल ही में दिल्ली छावनी क्षेत्र के निर्माण स्थलों के निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि श्रमिकों के बच्चे कार्य स्थलों पर निष्क्रिय रूप से उपस्थित रहते हैं, जबकि उन्हें स्कूलों में होना चाहिए। आखिर ऐसा क्यों हो रहा है।

    छावनी परिषद के अधिकारियों ने बताया कि बाहरी राज्यों से आने वाले कामगार शहरी विकास, विशेष रूप से निर्माण क्षेत्र में, महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लेकिन, अस्थायी जीवनशैली और स्थायी आवास या शिक्षा की अनुपलब्धता के कारण उनके बच्चों को अक्सर मूलभूत शैक्षणिक अधिकारों से वंचित रहना पड़ता है।

    आरंभ इसी गंभीर अंतर को पाटने का प्रयास है, जिसके माध्यम से इन बच्चों को स्थिर कक्षाएं, मूलभूत शिक्षा, जीवन-कौशल तथा एक सुरक्षित एवं पोषक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

    आरंभ में मिलेगी ये सुविधाएं

    आरंभ में बच्चों को स्कूल यूनिफार्म जिसमें जूते, स्कूल बैग, पानी की बोतलें, टिफिन आदि शामिल हैं, मुफ्त में दी जाएंगी। साथ ही पुस्तकें और स्टेशनरी सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

    बच्चों को मध्यान्ह भोजन (लंच) भी दिया जाएगा। बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच होगी। आवागमन की सुविधा (परिवहन) उपलब्ध कराई जाएगी। वर्तमान में 32 बच्चे इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं, और प्रयास किए जा रहे हैं कि दिल्ली छावनी क्षेत्र के सभी ऐसे बच्चों को आरंभ से जोड़ा जाए।