AAP ने चला ये बड़ा दांव, पूरे देश में चलाएंगे अभियान; मैदान में उतारी 3000 कार्यकर्ताओं की टीम
मनीष सिसोदिया ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत में प्राथमिक शिक्षा की स्थिति दयनीय है। आप ने शिक्षा अभियान चलाकर देशभर के जर्जर स्कूलों की रिपोर्ट तैयार करने का निर्णय लिया है। इसके लिए तीन हजार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। सिसोदिया ने जापान चीन और कोरिया जैसे देशों में शिक्षा पर दिए जा रहे ध्यान का उदाहरण दिया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) की प्रेस वार्ता में वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत में प्राथमिक शिक्षा की स्थिति चिंताजनक है। इसीलिए आप की ओर से एक शिक्षा अभियान चलाकर देशभर में संचालित जर्जर स्कूलों की रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके लिए उन्होंने बताया कि तीन हजार कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
चीन, जापान और कोरिया का दिया उदाहरण
मनीष सिसोदिया ने कहा कि विश्व के कई देश जैसे जापान में पांचवीं कक्षा के बच्चों को एआई आधारित शिक्षा दी जा रही है। चीन व कोरिया शिक्षा पर विशेष ध्यान दे रहे हैं लेकिन भारत में बच्चे जर्जर इमारतों और टूटी छतों वाले स्कूलों में पढ़ने को मजबूर हैं। सिसोदिया ने बताया कि दसवीं कक्षा तक के पाठ्यक्रम में भी एआई जैसे आधुनिक विषयों का अभाव है।
यह भी पढ़ें- Delhi Education News : टीकरी कलां स्कूल में कुप्रबंधन और सियासी रोड़ा, 1800 छात्राओं के लिए मात्र 20 क्लासरूम
स्कूलों की दशा सुधारने की मुहिम
सिसोदिया ने घोषणा की कि आप के तीन हजार कार्यकर्ता 1 अगस्त से 7 अगस्त तक देशभर के ग्रामीण स्कूलों का दौरा करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य स्कूलों की बदहाल स्थिति पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करना है। कार्यकर्ता स्कूलों की इमारतों, बुनियादी सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता का जायजा लेंगे। इस रिपोर्ट को प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।
आम आदमी पार्टी शिक्षा को लेकर काम करती है। हम जहां सरकार में होते हैं, वहां शिक्षा के लिए काम करते हैं।
जहां हम सरकार में नहीं हैं, वहां की सरकारों से शिक्षा व्यवस्था के लिए लड़ रहे हैं।
अब हमने अपने 3000 कार्यकर्ताओं की एक टीम बनाई है, उन्हें ट्रेनिंग देकर गांव-गांव भेजा… pic.twitter.com/EeeUpeP79c
— AAP (@AamAadmiParty) July 29, 2025
बच्चों के भविष्य के लिए जंग
पत्रकारों से वार्ता करते हुए सिसोदिया ने जोर देकर कहा कि बच्चों का भविष्य देश का भविष्य है। टूटी छतों और असुरक्षित स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। 'आप' का यह अभियान केवल स्कूलों की स्थिति सुधारने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शिक्षा व्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन की मांग करता है। कार्यकर्ता प्रशासन के साथ मिलकर स्कूलों की मरम्मत और आधुनिकीकरण के लिए दबाव बनाएंगे। इस पहल से आप देशभर में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और बच्चों को सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में काम करेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।