'हम पर दिन रात कीचड़ उछाला गया', सत्येंद्र जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला बंद होने पर बोले केजरीवाल
दिल्ली की एक अदालत ने आप नेता सत्येंद्र जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला बंद कर दिया है क्योंकि सीबीआई को अवैध लाभ का कोई सबूत नहीं मिला। सतर्कता शाखा द्वारा पीडब्ल्यूडी सलाहकारों की नियुक्ति में भ्रष्टाचार के आरोप के बाद जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आप नेताओं के खिलाफ लगाए गए सारे केस झूठे हैं।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने आम आदमी पार्टी (आप) नेता सत्येंद्र जैन के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला बंद कर दिया, क्योंकि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को अवैध लाभ का कोई सबूत नहीं मिला। दिल्ली सरकार की सतर्कता शाखा द्वारा पीडब्ल्यूडी सलाहकारों की नियुक्ति में भ्रष्टाचार का आरोप लगाए जाने के बाद जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
वहीं इस मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया- “आप” नेताओं के ख़िलाफ़ लगाये गए सारे केस झूठे हैं। समय के साथ सभी केसों में सच्चाई सामने आ जाएगी। हमारे ऊपर झूठे केस लगाकर हमें जेल भेजा गया। जिन लोगों ने ये झूठे केस लगाए और जिन नेताओं के कहने पर ये झूठे केस लगाए, क्या उन सबको जेल नहीं भेजना चाहिए?
क्या ये न्याय है: अरविंद केजरीवाल
उन्होंने कहा कि हम पर दिन रात कीचड़ उछाला गया। हमारे परिवारों को इतनी पीड़ा झेलनी पड़ी, उस सबकी भरपाई? जब चाहा फ़र्ज़ी केस कर दिया, जब चाहा जेल भेज दिया, और जब मन किया “क्लोजर रिपोर्ट” फाइल कर दी? क्या ये न्याय है?
वहीं आप नेता अनुराग ढांडा ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ साजिश रचती है। आप के नेताओं को बदनाम करने की कोशिश करती है और अपनी एजेंसियों का खुला दुरुपयोग करती है। आज ये पूरी तरह से साबित हो गया है।
जांच एजेंसियों का दुरुपयोग हुआ: अनुराग ढांडा
उन्होंने कहा कि 2019 में ये केस गढ़ा गया था। झूठा केस बनाया गया था। भारतीय जनता पार्टी ने एजेंसियों का दुरुपयोग किया। वो केस छह साल तक चला। तब कहा गया कि उसमें भ्रष्टाचार हुआ, गलत तरीके से लोगों की भर्ती हुई, पैसा कमाया गया। लेकिन आज जब क्लोजर रिपोर्ट दाखिल हुई तो उसमें लिखा है कि किसी भी तरह के भ्रष्टाचार का कोई सबूत नहीं है।
अनुराग ढांडा ने कहा कि सत्ता के दुरुपयोग का कोई सबूत नहीं है। इस पूरी भर्ती में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है, इसलिए इस केस को बंद कर देना चाहिए। छह साल तक भाजपा झूठे केस बनाकर सत्येंद्र जैन और आम आदमी पार्टी के नेताओं को बदनाम करती रही। इसका मतलब ये है कि सीबीआई का दुरुपयोग करके और झूठी कहानियां और झूठे केस दर्ज करके आम आदमी पार्टी के नेताओं को बदनाम करना भाजपा की सोची-समझी साजिश है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।