एक ही फ्लाइट में कोई कम तो कोई क्यों दे रहा ज्यादा किराया? 2027 से पाई-पाई की होगी ट्रांसपैरेंसी; बढ़ेगी निगरानी
एयरलाइंस मांग और बुकिंग समय के आधार पर टिकट की अलग-अलग कीमतें तय करती हैं, जिससे यात्रियों के लिए सस्ती टिकट ढूंढना मुश्किल होता है। नए भारतीय वायुयान नियम 2026, जो 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे।

एक ही फ्लाइट में टिकट के अलग-अलग दामों से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
एयरलाइंस मांग, बुकिंग समय के आधार पर किराया तय करती हैं।
जनवरी 2027 से लागू होंगे नए नियम, पारदर्शिता बढ़ेगी।
डीजीसीए किराये की निगरानी करेगा, सस्ती टिकट की गारंटी नहीं।
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। एक ही विमान में सफर करने वाले यात्रियों को टिकट के लिए अलग-अलग कीमत चुकानी पड़ सकती है।
किसी को टिकट कम कीमत पर मिलती है तो किसी को उसी उड़ान के लिए ज्यादा रुपये देने पड़ते हैं। इसका कारण है एयरलाइंस की किराया निर्धारण व्यवस्था।
कंपनियां मांग, बुकिंग के समय और खाली सीटों की संख्या के आधार पर किराया बदलती हैं। सस्ती सीटें बिकने के बाद अगली श्रेणी का किराया बढ़ जाता है। ऐसे में यात्री के लिए यह समझना मुश्किल होता है कि टिकट कब सस्ती मिलेगी।
मांग के हिसाब से तय होता है किराया
वर्ष 1994 में एयर कारपोरेशन एक्ट खत्म होने के बाद हवाई किराये का निर्धारण बाजार आधारित व्यवस्था के तहत होने लगा। एयरक्राफ्ट रूल्स, 1937 के नियम 134 के तहत एयरलाइंस परिचालन लागत, सेवा और उचित मुनाफे को ध्यान में रखकर किराया तय करती हैं। सामान्य परिस्थितियों में सरकार टिकट की अधिकतम कीमत निर्धारित नहीं करती।
किराये की निगरानी सीमित, महंगी टिकटों पर नजर कमजोर
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की टैरिफ मानिटरिंग यूनिट हर महीने 78 चुनिंदा घरेलू मार्गों पर किराये की औचक जांच करती है। सरकार के अनुसार, यह घरेलू हवाई यातायात का करीब 27 प्रतिशत हिस्सा है। जांच का उद्देश्य यह देखना है कि एयरलाइंस अपनी घोषित किराया सीमा से बाहर तो टिकट नहीं बेच रहीं। हालांकि, इस निगरानी से सभी मार्गों पर किराये की स्थिति का पता नहीं चलता।
आयोग ने डीजीसीए से मांगा औसत किराये का ब्योरा मांगा
निगरानी की यह सीमा दिसंबर 2025 के इंडिगो परिचालन संकट के बाद भी सामने आई। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने 4 फरवरी 2026 को कंपनी के खिलाफ जांच के आदेश दिए।
आयोग ने डीजीसीए से 1 से 15 दिसंबर के दौरान मार्गवार और श्रेणीवार औसत किराये का ब्योरा मांगा। डीजीसीए ने जवाब दिया कि यह आंकड़ा उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इसके बाद डीजीसीए ने प्रमुख एयरलाइंस से सीधे यह जानकारी मांगी।
जनवरी 2027 से लागू होंगे नए नियम
अब इसी वर्ष 26 अक्टूबर को भारतीय वायुयान नियम, 2026 अधिसूचित किया है। यह 1 जनवरी 2027 से लागू होगा। इसके अंतर्गत...
- नियम 192 के तहत एयरलाइंस को किराये का विवरण डीजीसीए को देना और अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित करना होगा।
- टिकट बुक करते समय मूल किराया, कर, शुल्क और रदीकरण व रिफंड की शर्तें भी अलग-अलग बतानी होंगी। डीजीसीए इन किरायों की निगरानी करेगा।
- सामान्य दिनों में अधिकतम किराये की कोई सीमा तय नहीं की गई है। असाधारण परिस्थितियों में जनहित को देखते हुए केंद्र सरकार सीमित अवधि के लिए निर्देश जारी कर सकेगी।
- सीसीआई भी प्रतिस्पर्धा कानून के तहत बाजार में दबदबे के दुरुपयोग की जांच कर सकता है।
इस तरह नए नियमों से किराये की जानकारी में पारदर्शिता बढ़ेगी, लेकिन सस्ती टिकट की गारंटी नहीं मिलेगी। इसके लिए वास्तविक बिक्री कीमतों की नियमित निगरानी और नियमों के उल्लंघन पर समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।