विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर सख्ती, अगले माह से शुरू होंगे नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर

Published: Wed, 25 Nov 2026 05:34 PM (IST)

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में स्वास्थ्य परियोजनाओं की समीक्षा की और गुणवत्ता व समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए। सरकार का लक्ष्य 1,100 आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित करना है, जिसके तहत अगले महीने से नए केंद्रों का उद्घाटन होगा।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली स्वास्थ्य परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की।

  2. अधिकारियों को गुणवत्ता और समय पर काम पूरा करने के निर्देश।

  3. 1,100 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का लक्ष्य, नए केंद्र जल्द शुरू।

डिजिटल डेस्‍क, नई दिल्ली। राजधानी में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और निर्माणाधीन परियोजनाओं को गति देने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य से जुड़ी सभी परियोजनाएं उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि काम में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

1,100 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लक्ष्य पर फोकस

समीक्षा बैठक में राजधानी की प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। वर्तमान में दिल्ली में 415 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं। सरकार ने इनकी संख्या बढ़ाकर 1,100 करने का लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य की दिशा में कदम बढ़ाते हुए बैठक में अगले महीने से नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लोकार्पण की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

बेहतर इलाज सरकार की प्राथमिकता और जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि हर दिल्लीवासी को समय पर और बेहतर इलाज मुहैया कराना सरकार की प्राथमिकता के साथ-साथ जिम्मेदारी भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो, ताकि आम नागरिकों को आधुनिक और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं जल्द से जल्द मिल सकें।

बैठक में शामिल रहे वरिष्ठ अधिकारी

दिल्ली सचिवालय में आयोजित इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में कैबिनेट सहयोगी डॉ. पंकज कुमार सिंह और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी परियोजनाओं की मौजूदा प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।