विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में जर्जर पाइपलाइनें बनीं गंदे पानी का कारण, कई इलाकों में लोग बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर

Published: Thu, 08 Jan 2026 05:15 AM (IST)Updated: Thu, 08 Jan 2026 06:50 AM (IST)

दिल्ली के प्रेम नगर, बलजीत नगर, पटेल नगर और नबी करीम जैसे कई इलाकों में लोग पिछले 50 वर्षों से ...और पढ़ें

नबी करीम के किला कदम शरीफ में नलों में आ रहा आपूर्ति का दूषित पानी। जागरण

नबी करीम के किला कदम शरीफ में नलों में आ रहा आपूर्ति का दूषित पानी। जागरण

HighLights

  1. दिल्ली के कई इलाकों में 50 साल पुरानी पाइपलाइनें

  2. जर्जर पाइपलाइनों से घरों में आ रहा गंदा पानी

  3. लोग बोतलबंद पानी खरीदने और बीमारियों से जूझने को मजबूर

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के प्रेम नगर, बलजीत नगर और पटेल नगर सहित कई इलाकों में लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इन क्षेत्रों में पानी की पाइपलाइन पिछले करीब 50 वर्षों से बदली नहीं गई है। जर्जर हो चुकी पाइपलाइनों में जगह-जगह लीकेज के कारण नालों का गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिल रहा है, जिससे घरों तक दूषित पानी पहुंच रहा है।

ऐसी ही स्थिति नबी करीम और सदर बाजार क्षेत्रों में भी बनी हुई है, जहां लगभग 48 वर्षों से पानी की पाइपलाइन नहीं बदली गई है। दूषित जल आपूर्ति के कारण लोगों को रोजाना 20 से 30 रुपये की 20 लीटर की बोतलबंद पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है।

फिल्टर वाटर में भी नहीं मिनरल्स की जानकारी

स्थानीय निवासियों का कहना है कि उपलब्ध फिल्टर वाटर में भी आवश्यक मिनरल्स की जानकारी नहीं दी जाती, जिससे स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है। नबी करीम, पहाड़गंज, दरियागंज, बलजीत नगर, प्रेम नगर, चांदनी चौक, पटेल नगर और सदर बाजार जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में लोगों को पीने के लिए साफ पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

Delhi Water Contamination (4)

नबी करीम इलाके में गंदे जलापूर्ति को दिखाती महिलाएं। जागरण

हालात इतने गंभीर हैं कि गंदा और बदबूदार पानी मिलने से लोगों के स्वास्थ्य पर सीधा असर पड़ रहा है, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। इन इलाकों की लगभग 40 प्रतिशत आबादी गंदे पानी को पी रही है।

गंदे पानी से तेजी से फैल रही बीमारियां

प्रेम नगर की स्थिति सबसे ज्यादा चिंताजनक है। यहां शायद ही कोई ऐसा घर होगा, जहां पानी को साफ करने के लिए आरओ मशीन न लगी हो। इसके बावजूद गंदे पानी की आपूर्ति के कारण कई घरों में आरओ मशीनें भी खराब हो चुकी हैं। जो लोग आरओ मशीन खरीदने में सक्षम नहीं हैं, वे मजबूरी में कंधों पर पानी की बोतलें लादकर बाहर से पीने का पानी लाते हैं।

यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि पिछले कई वर्षों से लगातार बनी हुई है। प्रेम नगर की गली नंबर एक में हालात और भी बदतर हैं। यहां सीवर का गंदा पानी घरों की पाइप लाइनों में मिल रहा है। कई घरों में मल-मूत्र युक्त पानी पहुंचने से लोगों का जीना दूभर हो गया है।

Delhi Water Contamination (2)

नबी करीम किला कदम शरीफ में गुरुद्वारे के पास गली में ऊपर ही बिछी हैं पीने के पानी की लाइनें।  हरीश कुमार

गंदे पानी के कारण खाना-पीना प्रभावित हो रहा है और बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, पेट दर्द, उल्टी, दस्त और बुखार जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। कुछ लोग मजबूरी में इसी गंदे पानी को पी रहे हैं, जिससे उन्हें बार-बार अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

वहीं प्रेम नगर के स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे कई बार संबंधित विभागों और प्रशासन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। लोग अपने खर्च पर सीवर की सफाई कराते हैं, फिर भी दिल्ली नगर निगम की ओर से उन्हें कोई स्थायी मदद नहीं मिलती।

Delhi Water Contamination (3)

सदर बाजार के बगीची रघुनाथ में पानी की आपूर्ति घरों तक न होने के कारण लागों ने 50 से 100 मीटर तक अलग पानी की लाइन ले रखी है। हरीश कुमार

पानी की आपूर्ति समय पर नहीं हो रहा है, एक समय पानी आता है वह भी बेहद गंदा पानी आता है। जो पानी आता है वह इतना गंदा और बदबूदार होता है कि उसका उपयोग करना जोखिम भरा हो जाता है। लोगों का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति उस पानी को बिना शुद्ध किए पी ले, तो उसका अस्पताल पहुंचना तय है।

क्या बोले पीड़ित लोग?

 

पानी की समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई है, लेकिन प्रशासन ने कोई सुनवाई नहीं की।

- नंदकिशोर, नबी करीम

 

 

यह भी पढ़ें- कूड़े के पहाड़ों ने जहरीला किया दिल्ली का पानी, 30% से अधिक आबादी कई दशक से ‘धीमा जहर’ पीने को मजबूर

यह भी पढ़ें- दिल्ली में खतरनाक हालात... आपके घर में पानी नहीं आ रहा 'जहर'; सरकार को सुधारने में खर्च करने होंगे 30 हजार करोड़

यह भी पढ़ें- दिल्ली के भूजल में 'यूरेनियम' का जहर, किडनी और नर्वस सिस्टम को कर देगा तबाह; सामने आई चौंकाने वाली रिपोर्ट

 

गंदे पानी के कारण हर घर में आरओ मशीन लगीं हुई है, ये भी गंदे पानी के कारण हर दूसरे दिन खराब हो जाती है- मीनाक्षी, नबी करीम घरों में गंदा पानी भी घुस रहा है इससे बीमारियां फैल रही है। हम पैसे इक्ठ्ठे कर इसे साफ करवाते है हर पांच दिन में यह सीवर का पानी घर में घुस आता है।

-

- मीना सैनी, प्रेम नगर

पानी की बोतल बार से खरीद कर लाने पड़ रही है, जो खरीद नहीं सकता इसी पानी को पीने को मजबूर है। खाना भी इसी पानी से बनाना पड़ता है।

-

- कोशल्या देवी, प्रेम नगर

हमारे पास मजदूरों की कमी है। कई जगहों पर पाइपलाइन फट जाने से गंदा पानी आ रहा है। इस समस्या को दूर करने का प्रयास जारी है, जल्द ही इसे दूर किया जाएगा। नालों की समस्यां सर्दियों में अधिक बढ़ जाती है। इसके लिए हम लगातार काम कर रहे है। हमारे पास नाले साफ कराने के लिए मशीन की भी कमीं है।

-

- प्रवेश रत्न , विधायक, पटेल नगर