विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राजधानी को मिलेंगे 2 नए रेलवे टर्मिनल, 108 मीटर चौड़ा हॉल; 112 साल पुराना दिल्ली कैंट भी होगा हाईटेक

Published: Fri, 27 Nov 2026 04:10 PM (IST)

दिल्ली के रेल नक्शे पर दो बड़े बदलाव होंगे: बिजवासन में अत्याधुनिक रेलवे टर्मिनल और दिल्ली कैंट स्टेशन का 335 करोड़ रुपये से पुनर्विकास।

बिजवासन टर्मिनल के भीतरी हिस्से में चल रहा निर्माण कार्य। जागरण

बिजवासन टर्मिनल के भीतरी हिस्से में चल रहा निर्माण कार्य। जागरण

HighLights

  1. बिजवासन में सात प्लेटफार्म वाला अत्याधुनिक रेलवे टर्मिनल बन रहा।

  2. दिल्ली कैंट स्टेशन का 335 करोड़ रुपये से पुनर्विकास हो रहा।

  3. पश्चिमी दिल्ली को मिलेंगी बेहतर रेल सुविधाएं, भीड़ घटेगी।

गौतम कुमार मिश्रा, पश्चिमी दिल्ली। दिल्ली के रेल नक्शे पर आने वाले समय में दो बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। बिजवासन में सात प्लेटफार्म वाला अत्याधुनिक रेलवे टर्मिनल विकसित किया जा रहा है, जहां 108 मीटर चौड़ा विशाल यात्री हाल होगा।

वहीं, वर्ष 1914 में बने दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन को करीब 335 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से पश्चिमी दिल्ली के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलेंगी और राजधानी के प्रमुख स्टेशनों पर यात्री दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

2008 में मंजूरी, 2013 में शुरू हुआ बिजवासन का काम

बिजवासन को पश्चिम दिशा की ट्रेनों के लिए महत्वपूर्ण टर्मिनल बनाने की योजना फरवरी 2008 में मंजूर हुई थी। केंद्रीय परियोजना निगरानी मंत्रालय के दस्तावेजों के अनुसार, निर्माण मार्च 2013 में शुरू हुआ और मार्च 2020 तक पूरा करने का लक्ष्य था।

हालांकि, विभिन्न कारणों से परियोजना समय पर पूरी नहीं हो सकी। निर्माण व्यवस्था में बदलाव और पर्यावरण संबंधी मंजूरियां भी चुनौती बनीं।

रेल भूमि विकास प्राधिकरण करवा रहा काम

अब रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) की देखरेख में यहां सात प्लेटफार्म और 108 मीटर चौड़ा यात्री हाल बनाया जा रहा है। इसमें यात्रियों के बैठने और प्रतीक्षा करने की आधुनिक व्यवस्था होगी। एयरपोर्ट नजदीक होने के कारण यहां से विमानों की आवाजाही भी देखी जा सकेगी। इसके अलावा चार सबवे, आगमन प्लाजा, विशाल प्रस्थान क्षेत्र और पार्किंग की सुविधा विकसित की जा रही है।

टर्मिनल को द्वारका सेक्टर-21 मेट्रो स्टेशन से जोड़ने की योजना है। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट एक्सप्रेस और ब्लू लाइन मेट्रो तक पहुंचने में सुविधा होगी। परियोजना को नए वर्ष में चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।

112 साल पुराने दिल्ली कैंट स्टेशन का बदलेगा स्वरूप

दिल्ली कैंट स्टेशन का पुनर्विकास भी कई चरणों से गुजरा है। समय के साथ आसपास आबादी और यात्रियों की संख्या बढ़ी, लेकिन स्टेशन का पुराना ढांचा नई जरूरतों के अनुरूप विकसित नहीं हो सका। पैदल रास्तों की कमी, अव्यवस्थित प्रवेश और निकास तथा प्लेटफार्म तक पहुंचने में परेशानी यात्रियों के लिए चुनौती बनी रही।

पुनर्विकास की प्रक्रिया अगस्त 2019 में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) माडल पर शुरू हुई। अक्टूबर 2021 में परियोजना रेल भूमि विकास प्राधिकरण को अभियांत्रिकी, खरीद और निर्माण (ईपीसी) माडल के तहत सौंपी गई। दिसंबर 2021 में मास्टर प्लान को मंजूरी मिली, जून 2022 में टेंडर आमंत्रित हुए और दिसंबर 2022 में निर्माण का ठेका आवंटित किया गया।

करीब 335 करोड़ रुपये की परियोजना में नया स्टेशन भवन, आगमन और प्रस्थान क्षेत्र, विशाल यात्री हाल और एलिवेटेड रोड बनाई जा रही है। प्लेटफार्मों का नवीनीकरण, लिफ्ट, एस्केलेटर, प्रतीक्षालय, शौचालय, बेहतर शेल्टर और पार्किंग जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-फरीदाबाद सफर होगा आसान, बदरपुर टोल पर दिसंबर से नई व्यवस्था; फर्राटा भारेंगी गाड़ियां

यह भी पढ़ें- नजीबुद्दौला मकबरा कैंपस के रूम में दिल्ली के शेफ अंकुर का शव मिलने से सनसनी, बिजनौर पुलिस ने शुरू की जांच

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।