विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नजीबुद्दौला मकबरा कैंपस के रूम में दिल्ली के शेफ अंकुर का शव मिलने से सनसनी, बिजनौर पुलिस ने शुरू की जांच

By Navneet Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 27 Nov 2026 02:10 PM (GMT+05:30)

Bijnor News: नजीबाबाद में नजीबुद्दौला मकबरा परिसर के एक कमरे में युवक अंकुर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

नजीबाबाद में युवक का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस।

नजीबाबाद में युवक का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस।

HighLights

  1. मकबरे में पहुंचने के बारे में परिवार को जानकारी नहीं।

  2. पुलिस को मौके से इंजेक्शन की सुई मिली।

संवाद सहयोगी, नजीबाबाद (बिजनौर)। नजीबाबाद में नजीबुद्दौला मकबर परिसर में स्थित एक कमरे में शुक्रवार की सुबह युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटनास्थल के पास इंजेक्शन की सुई मिलीं। एएसपी सिटी डा. कृष्ण गोपाल सिंह और सीओ सुनील कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शुक्रवार सुबह लगभग 9:30 बजे मकबरे की देखरेख करने वाले हनी पुत्र छुन्नू ने कमरे के अंदर 30 वर्षीय अंकुर पुत्र मनोहर लाल भारती का शव पड़ा देखा। हनी ने इसकी सूचना आसपास के दुकानदारों को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे एसओ सुनील कुमार सिंह और एसआइ लव गिरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मृतक की पहचान नजीबाबाद के मुहल्ला रम्पुरा निवासी अंकुर के रूप में हुई है। मृतक के चाचा राजाराम ने बताया कि अंकुर कुछ समय से छुट्टी पर घर आया हुआ था। वह दिल्ली में शेफ का काम करता था। परिवार में उसका एक बड़ा भाई प्रिंस है। अंकुर तीन भाइयों में सबसे छोटा था। वह मकबरे में कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है।

मकबरा मस्जिद कमेटी से जुड़े शेर खान के अनुसार गुरुवार दोपहर अंकुर अपने दोस्त हनी के पास आया था। दोनों नशे के आदी हैं। अधिक नशा होने के कारण अंकुर को मस्जिद के अंदर एक कमरे में लेटा दिया गया था। रात करीब आठ बजे नमाज के बाद मस्जिद बंद कर दी गई थी।

शुक्रवार सुबह सफाई के लिए मस्जिद खोली गई तो अंकुर कमरे में मृत अवस्था में पड़ा मिला। वाल्मीकि समाज के अरविंद सालवान ने कहा कि अंकुर का शव मस्जिद के अंदर मिला है। वह वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

एसओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को मौके से इंजेक्शन की सुई मिली हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अंकुर और हनी के आपस में दोस्त होने तथा दोनों के नशे का आदी होने की जानकारी मिली है। मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।