विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Crime: एटीएम कार्ड बदलकर ठगी कर रहा था अकाउंटेंट, गिरफ्तार; 100 से ज्यादा लोगों को बना चुका शिकार

By Rajneesh kumar pandeyEdited By: Shyamji Tiwari
Published: Sun, 02 Apr 2023 11:12 PM (IST)

एटीएम बदलकर ठगी करने वाले एक ठग को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित की पहचान सुल्तानपुरी के संजय के रूप ...और पढ़ें

एटीएम कार्ड बदलकर ठगी कर रहा था अकाउंटेंट
एटीएम कार्ड बदलकर ठगी कर रहा था अकाउंटेंट

दक्षिणी दिल्ली, जागरण संवाददाता। ग्रेटर कैलाश-एक थाना पुलिस ने एटीएम बदलकर ठगी करने वाले एक ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान सुल्तानपुरी के संजय के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 45 एटीएम कार्ड, एक स्कूटी, बटनदार चाकू और एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। आरोपित वारदात का विरोध करने पर पीड़ितों पर चाकू से हमला भी कर देता था।

100 से ज्यादा लोगों के साथ कर चुका है ठगी

दरअसल, आरोपित वाणिज्य विषय से स्नातक कर अकाउंटेंट की नौकरी करता था। इसके साथ ही वह लोगों के एटीएम बदलकर उनके साथ ठगी को अंजाम देने में भी लगा हुआ था। वह अब तक 100 से ज्यादा लोगों के साथ ठगी कर चुका है। वह खासकर बुजुर्गों को अपना शिकार बनाता था।

पुलिस ने आरोपित को पकड़ा

दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार इलाके में ठगी व झपटमारी की वारदातों को देखते हुए ग्रेटर कैलाश-एक थानाध्यक्ष अजीत कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। 31 मार्च को टीम जब इलाके में गश्त कर रही थी तभी टीम ने देखा कि आर-ब्लाक, रेड लाइट, ग्रेटर कैलाश-एक के पास आरोपित स्कूटी की नंबर प्लेट बदल रहा था। संदिग्ध लगने पर पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया। इसके बाद मामला दर्ज कर टीम ने जांच शुरू की।

एटीएम कार्ड से करता था ठगी

पूछताछ के दौरान आरोपित संजय ने बताया कि वह जेबकतरों से एटीएम कार्ड ले लेता था। इसके बाद ऐसे एटीएम बूथ को टारगेट करता था जहां सुरक्षा गार्ड न हो। एटीएम बूथ में जब कोई बुजुर्ग व अंजान व्यक्ति सहायता मांगता तो ये उसका एटीएम कार्ड बदल देता था। साथ में ये पीड़ित का पिन कोड भी देख लेता था।

परेशान होकर जब पीड़ित मौके से चला जाता तो आरोपित पीड़ित के एटीएम कार्ड से पैसे निकाल लेता था। आरोपित नरेला में एक प्राइवेट फर्म में अकाउंटेंट की नौकरी कर रहा था। साथ ही ज्यादा पैसों के लालच में पिछले कुछ सालों से आरोपित ने एटीएम बदलकर ठगी को अंजाम देना शुरू कर दिया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।