फर्जी कागज दिखा जज बनकर घूम रहा था युवक, दिल्ली पुलिस ने पिस्तौल और कारतूसों के साथ दो किए गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक खुद को फर्जी दस्तावेजों के जरिए न्यायिक अधिकारी ...और पढ़ें
-1776124490368-1776157180064-1776157188400_m.webp)
कार पर 'जज, गवर्नमेंट ऑफ उत्तर प्रदेश' लिखा स्टिकर लगा हुआ था। इससे टीम को शक हुआ।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक व्यक्ति जाली दस्तावेजों के जरिए न्यायिक अधिकारी का रूप धरकर घूम रहा था। दोनों के पास से एक पिस्तौल और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
आरोपियों की पहचान सूर्या अग्रवाल (31) और निखिल यादव (21) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने कहा कि संसद मार्ग पुलिस स्टेशन की टीम ने राष्ट्रीय राजधानी में संभावित सुरक्षा खतरे की जांच के दौरान यह कार्रवाई की।
डीसीपी (नई दिल्ली) सचिन शर्मा ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि 5 अप्रैल को शाम करीब 5 बजे टीम ने एक संदिग्ध एसयूवी कार (एमजी हेक्टर) कार को रोका। गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और खिड़कियों पर काली फिल्म चढ़ी हुई थी, जो प्रतिबंधित है। इसके अलावा कार पर 'जज, गवर्नमेंट ऑफ उत्तर प्रदेश' लिखा स्टिकर लगा हुआ था। इससे टीम को शक हुआ।
तलाशी के दौरान निखिल यादव के पास से एक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस मिले, जबकि सूर्या अग्रवाल के पास पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में सूर्या अग्रवाल ने खुद को वकील बताया और उत्तर प्रदेश का सिविल जज बताकर पेश किया। उसने एक न्यायिक पहचान पत्र और उत्तर प्रदेश प्राधिकरण द्वारा जारी कथित अनुमति पत्र दिखाया, जिसमें दिल्ली में हथियार ले जाने की इजाजत का दावा किया गया था।
हालांकि, पुलिस ने जांच में पाया कि दोनों दस्तावेज जाली और डिजिटली एडिट किए हुए थे। सूर्या अग्रवाल के पास उत्तर प्रदेश में वैध आयुध लाइसेंस था, लेकिन वह केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित था और दिल्ली में हथियार ले जाने की अनुमति नहीं देता था।
दोनों आरोपियों के खिलाफ संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस, इस्तेमाल की गई एसयूवी, जाली पहचान पत्र, फर्जी अनुमति पत्र और झूठा जज स्टिकर जब्त कर लिया है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे: इतने किमी से अधिक पकड़ी रफ्तार तो होगा चालान, गाड़ी रोकना या मोड़ना मना
यह भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर केमिकल से भरे ट्रक से टकराई बस, 3 लोगों की मौत; 30 घायल
यह भी पढ़ें- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से दून की सड़क परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, इन 8 प्रोजेक्ट में आएगी तेजी
