विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली 'रेड जोन' में, देश के सर्वाधिक पांच प्रदूषित शहर NCR के; 11 जगहों पर AQI 450 के पार

Published: Mon, 15 Dec 2025 08:57 PM (IST)

दिल्ली 'रेड जोन' में है और देश के सर्वाधिक पांच प्रदूषित शहर NCR के हैं। दिल्ली में 11 जगहों पर ...और पढ़ें

लगातार तीसरे दिन राष्ट्रीय राजधानी में गैस चैंबर जैसी ही स्थिति बनी रही।

लगातार तीसरे दिन राष्ट्रीय राजधानी में गैस चैंबर जैसी ही स्थिति बनी रही।

HighLights

  1. दिल्ली 'रेड जोन' में घोषित, प्रदूषण का स्तर गंभीर

  2. देश के पांच सबसे प्रदूषित शहर NCR में शामिल

  3. दिल्ली में 11 जगहों पर AQI 450 के पार

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में सोमवार को हवा की रफ्तार बढ़ने से शाम को वायु प्रदूषण के स्तर में आंशिक कमी देखी गई। इसके बावजूद लगातार तीसरे दिन राष्ट्रीय राजधानी में गैस चैंबर जैसी ही स्थिति बनी रही। शाम चार बजे औसत एक्यूआई 427 रिकॉर्ड किया गया। एक दिन पहले रविवार को यह 461 था। यानी 24 घंटे के दौरान इसमें 34 अंकों की कमी आई। दिल्ली समेत एनसीआर भी रेड जोन में रहा। इस बीच मौसम विभाग ने मंगलवार को भी हवाओं के रुख में तेजी का अनुमान जताया है।

सीपीसीबी द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के अनुसार सोमवार को देश के शीर्ष पांच प्रदूषित शहर भी एनसीआर के ही रहे। पहले नंबर पर ग्रेटर नोएडा, दूसरे पर गाजियाबाद, तीसरे पर नोएडा, चौथे पर दिल्ली और पांचवें पर बहादुरगढ़ रहा।

सोमवार को दिल्ली में दिन में धूप खिली रही तो साथ ही 15 किमी प्रति घंटे तक की गति से हवा चली। इसकी वजह से प्रदूषण के स्तर में कुछ अंकों का सुधार देखा गया। यह बात अलग है कि फिर भी दिल्ली में 11 जगहों पर एक्यूआइ 450 से ऊपर दर्ज किया गया। एक्यूआइ की इस श्रेणी को अति गंभीर या खतरनाक श्रेणी में रखा जाता है।

सीपीसीबी के मुताबिक सोमवार को दिल्ली समेत एनसीआर की हवा में अपराहन तीन बजे पीएम 10 का औसत स्तर 388.7 जबकि पीएम 2.5 का औसत स्तर 261 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। जबकि हवा में पीएम 10 का स्तर 100 से और पीएम 2.5 का स्तर 60 से कम होने पर ही उसे सामान्य माना जाता है। इसका मतलब यह कि दिल्ली सहित एनसीआर की हवा में प्रदूषक कणों का स्तर मानकों से लगभग चार गुना ज्यादा बना हुआ है।

केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच हवा की रफ्तार में थोड़ी तेजी आएगी। खासतौर पर दिन के समय हवा की रफ्तार दस किमी प्रति घंटे से तेज होगी और धूप भी निकलेगी। इससे प्रदूषक कणों का विसर्जन भी तेज होगा। लहाजा, प्रदूषण के स्तर में हल्का सुधार होगा और वायु गुणवत्ता का स्तर ''गंभीर'' श्रेणी से एक पायदान नीचे ''बहुत खराब'' श्रेणी में आ सकता है। हालांकि, दिल्ली की हवा पूरी तरह से साफ होने की उम्मीद अभी नहीं है।

देश शीर्ष पांच प्रदूषित शहरों का एक्यूआई

सभी मान 'गंभीर' (Severe) या उससे ऊपर की श्रेणी में
शहर AQI
ग्रेटर नोएडा 447
गाजियाबाद 444
नोएडा 437
दिल्ली 427
बहादुरगढ़ 374

दस दिन के दौरान दिल्ली का एक्यूआई

प्रदूषण स्तर में तेज वृद्धि, पिछले तीन दिन 'गंभीर' श्रेणी में
तारीख AQI श्रेणी
06 दिसंबर 330 बहुत खराब
07 दिसंबर 308 बहुत खराब
08 दिसंबर 314 बहुत खराब
09 दिसंबर 282 खराब
10 दिसंबर 259 खराब
11 दिसंबर 307 बहुत खराब
12 दिसंबर 349 बहुत खराब
13 दिसंबर 431 गंभीर
14 दिसंबर 461 गंभीर+
15 दिसंबर 427 गंभीर

सोमवार को दिल्ली के इन इलाकों की हवा रही अति गंभीर

सभी क्षेत्रों में AQI 'गंभीर' (Severe) श्रेणी में – स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक
इलाका / स्टेशन AQI
वजीरपुर 482
जहांगीरपुरी 476
अशोक विहार 472
पंजाबी बाग 470
विवेक विहार 469
आनंद विहार 467
सीरीफोर्ट 466
डीटीयू 461
नेहरू नगर 457
मुंडका 455
पटपड़गंज 452

यह भी पढ़ें- दिल्ली में कोहरे के कारण कानपुर नहीं आई फ्लाइट, बेंगलुरु, हैदराबाद व मुंबई की उड़ान जारी