लोक आस्था का महापर्व छठ, स्वच्छता-समानता और पर्यावरण संरक्षण की अद्भुत मिसाल
छठ महापर्व लोक आस्था का वैश्विक पर्व बन गया है, जो सामाजिक एकता, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है।

पूर्वांचल का अनुपम उपहार है छठ महापर्व। (इमेज-आर्काइव)
HighLights
सामाजिक एकता, सौहार्द और आपसी सहयोग का पर्व है।
स्वच्छता, पर्यावरण व जल संरक्षण के प्रति जागरूक करता है।
समानता का संदेश देता, चर्मरोगों का निदान होता है।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। आज छठ का उभार, लोक आस्था के वैश्विक महापर्व के तौर पर हो रहा है। भोजपुरी समाज दिल्ली के अध्यक्ष अजीत दूबे बताते हैं कि इस पर्व के प्रति पूरबियों की भक्ति और समर्पण को देखना अद्भुत है।
इस अवसर पर सामाजिक एकता, स्वच्छता का भाव, सौहार्द और आपसी सहयोग की भावना भी परिलक्षित होती है। लोक आस्था का यह महापर्व प्रकृति का पर्व है। यह हमें कई प्रकार की सीख देता है। साफ-सफाई से लेकर पर्यावरण व जल संरक्षण को लेकर हमें जागरूक करता है।
राजा-रंक सब एक ही घाट पर होते हैं इकट्ठा
छठ महापर्व मनाने के लिए सबसे पहले हम घाटों की सफाई में जुट जाते हैं। इसका मतलब यह है कि स्वच्छता व शुद्धता को हमें आत्मसात करना है। साथ ही यह पर्व समानता का भी संदेश हमें देता है। इस पर्व को राजा-रंक सब एक ही घाट पर इकट्ठा होकर श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाते हैं।
लाखों- करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र बना छठ पूर्वांचल के लोगों के लिए एक उपहार है और बाकी लोगों के लिए अपने देश के एक पौराणिक महत्व वाले व्रत के बारे में जानकारी देने का प्रयास भी है।
छठ व्रती कमर भर जल में खड़े होकर सूर्य का ध्यान करते हैं। नदी-तालाब व अन्य जलाशयों के जल में देर तक खड़े रहने से शरीर के कई चर्मरोगों का निदान हो जाता है। दरअसल, छठ पर्यावरण संरक्षण, रोग-निवारण व अनुशासन का पर्व है और इसका उल्लेख वैदिक ग्रंथों में मिलता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।