छठ पर घर लौट रहे प्रवासियों के लिए खुशखबरी! अब राशन कार्ड बनाने के लिए अधिकारी खुद खटखटाएंगे आपका दरवाजा
छठ महापर्व पर अपने घर लौटे प्रवासियों के लिए अच्छी खबर है, भोजपुर जिला आपूर्ति विभाग उन्हें राशन कार्ड की सुविधा से जोड़ने की पहल कर रहा है।

छठ पूजा में घर आए प्रवासियों का बनेगा राशन कार्ड (AI Generated Image)
जागरण संवाददाता, आरा। इस बार छठ महापर्व पर अपने घर लौटने वाले प्रवासियों के लिए अच्छी खबर है। अब ऐसे प्रवासियों को भी राशन कार्ड की सुविधा से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसके लिए जिला आपूर्ति विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी मोईज जिया ने सभी प्रखंडों के मार्केटिंग ऑफिसर (एमओ) को अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर संभावित लाभुकों की पहचान करने का निर्देश दिया है।
इसके तहत ऐसे परिवारों और प्रवासियों को चिह्नित किया जाएगा, जो पात्रता रखने के बावजूद अब तक राशन कार्ड की सुविधा से वंचित हैं।
भोजपुर जिले से बड़ी संख्या में लोग रोजगार और कामकाज के सिलसिले में दूसरे राज्यों और शहरों में रहते हैं। दीपावली और छठ के मौके पर इनमें से काफी संख्या में प्रवासी अपने गांव और घर लौटते हैं।
ऐसे में विभाग का प्रयास है कि पर्व-त्योहार के दौरान उनके परिवारों को सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ दिलाने के लिए पात्र लोगों की पहचान की जाए।
डीएसओ ने सभी एमओ को निर्देश दिया है कि वे केवल कार्यालय में बैठकर रिपोर्ट तैयार करने के बजाय क्षेत्र में जाकर वास्तविक स्थिति का जायजा लें।
घर-घर संपर्क कर पात्र परिवारों की जानकारी जुटाएं और राशन कार्ड से वंचित लोगों की सूची तैयार करें। इससे जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना के दायरे में लाने में मदद मिलेगी। विभागीय स्तर पर चयनित लाभुकों की जानकारी जुटाने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।