विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

WI vs ENG: लिविंगस्टन ने तोड़ी विंडीज की 'होप', शतक ठोक इंग्लैंड को दिलाई बड़ी जीत, अंग्रेजों ने की सीरीज में बराबरी

Published: Sun, 03 Nov 2024 08:15 AM (IST)

इंग्लैंड ने दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज को हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। ...और पढ़ें

इंग्लैंड ने दूसरा वनडे जीत सीरीज में की बराबरी
इंग्लैंड ने दूसरा वनडे जीत सीरीज में की बराबरी

HighLights

  1. WI vs ENG: इंग्लैंड ने जीता दूसरा वनडे
  2. WI vs ENG: शई होप और लियम लिविंगस्टन ने बनाए शतक
  3. WI vs ENG: इंग्लैंड ने की सीरीज में 1-1 से बराबरी

 स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। लियम लिविंगस्टन के पहले वनडे शतक के दम पर इंग्लैंड ने नॉर्थ साउंड में खेले गए दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज को हरा दिया और तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है। लिविंगस्टन इस मैच में इंग्लैंड की कप्तानी कर रहे थे। उन्होंने आगे से टीम का नेतृत्व किया और वेस्टइंडीज द्वारा रखे गए 329 रनों के टारगेट को 47.3 ओवरों में हासिल कर लिया।

वेस्टइंडीज ने कप्तान शाई होप के 117 रनों के दम पर निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट खोकर 328 रन बनाए। उसे लगा था कि ये स्कोर उसके लिए सुरक्षित होगा और इस मैच को जीत वो सीरीज अपने नाम कर लेगी, लेकिन अनुभवहीन इंग्लैंड ने उसके अरमानो पर पानी फेर दिया।

यह भी पढ़ें- WI vs ENG 1st ODI: बारिश से प्रभावित मैच में एविन लुईस का आया तूफान, वेस्‍टइंडीज ने DLS के आधार पर इंग्‍लैंड को पहले वनडे में रौंदा

ताबड़तोड़ शुरुआत

इंग्लैंड ने अपने ही अंदाज में रन चेज की शुरुआत की और तेजी से रन बनाए। हालांकि, उसे पहला झटका जल्दी लग गया। मैथ्यू फोर्ड ने विल जैक्स को पवेलियन की राह दिखाई। जैक्स ने 11 गेंदों पर 12 रन बनाए। जॉर्डन कॉक्स भी चार रन ही बना सके और शामर जोसेफ का शिकार हो गए। दूसरे छोर से फिल सॉल्ट तेजी से रन बना रहे थे। उनका साथ मिला जैकब बेटहेल का। दोनों ने मिलकर टीम को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 44 रन जोड़े। 107 के कुल स्कोर पर फोर्डे ने सॉल्ट की अर्धशतकीय पारी का अंत कर दिया। सॉल्ट ने 59 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 59 रनों की पारी खेली।

जैकब भी 160 के कुल स्कोर पर आउट हो गए। उन्होंने 57 गेंदों पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से 55 रन बनाए। इसके बाद लिविंगस्टन और सैम करन ने शतकीय साझेदारी कर इंग्लैंड को मैच में वापस ला दिया। दोनों के बीच 140 रनों की साझेदारी हुई। करन ने 52 गेंदों पर 52 रन बनाए। करन ने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का मारा। करन जब आउट हुए तब इंग्लैंड की टीम जीत के करीब थी। लिविंगस्टन ने जीत की औपचारिकताओं को पूरा किया और इंग्लैंड को सीरीज में बराबरी दिला दी।

होप की पारी जाया

इससे पहले, इंग्लैंड ने टॉस जीतकर वेस्टइंडीज को पहले बल्लेबाजी करने का न्योत दिया। मेजबान टीम की शुरुआत काफी खराब रही। 12 रनों तक आते-आते उसने अपने दोनों ओपनरों को खो दिया। ब्रेंडन किंग सात रन बनाकर जॉन टर्नर का शिकार बने। एविन लुइस भी चार रनों के निजी स्कोर पर टर्नर का झांसे में फंस गए। इसके बाद कैसी कार्टी और कप्तान होप ने टीम को संभाला। दोनों ने बिना जल्दबाजी के बल्लेबाजी की और पैर जमाने के बाद अपने शॉट खेले। कार्टी 71 रन बनाकर आदिल रशीद की फिरकी में फंस गए और बोल्ड हो गए। उन्होंने 77 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 71 रन बनाए।

कप्तान होप विकेट पर टिके रहे। उन्हें साथ मिला शेरफाने रदरफोर्ड का। होप ने रदरफोर्ड के साथ 79 रनों की साझेदारी की। रदरफोर्ड 36 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्कों की मदद से 54 रन बनाए। शिमरन हेटमायर ने 11 गेंदों पर 24 रन बनाए। 47वें ओवर की आखिरी गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने होप को आउट कर दिया। होप ने अपनी शतकीय पारी में 127 गेंदों पर आठ चौके और चार छक्कों की मदद से ये रन बनाए। अंत में रोस्टन चेज 20 और मैथ्यू फोर्डे 23 रन बनाकर नाबाद रहे।

यह भी पढ़ें- NZ v Eng: न्‍यूजीलैंड दौरे के लिए इंग्‍लैंड टीम का एलान, Jacob Bethell को पहली बार मिला मौका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।