विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

BAN vs NED: एशिया कप से पहले बांग्लादेश की दूसरी टीमों को चेतावनी, नीदरलैंड्स को दूसरे टी20 में पटक सीरीज पर जमाया कब्जा

Published: Mon, 01 Sep 2025 10:25 PM (GMT+05:30)

बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने नीदरलैंड्स के खिलाफ खेली जा रही तीन मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मैच में भी ...और पढ़ें

बांग्लादेश ने दूसरे टी20 में नीदरलैंड्स को दी मात
बांग्लादेश ने दूसरे टी20 में नीदरलैंड्स को दी मात

HighLights

  1. BAN vs NED: बांग्लादेश ने जीता दूसरा टी20
  2. BAN vs NED: तंजीद हसन ने ठोका शानदार अर्धशतक
  3. BAN vs NED: बांग्लादेश ने सीरीज में बनाई 2-0 का अजेय बढ़त

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश ने नौ सितंबर से शुरू हो रहे एशिया कप-2025 से पहले अच्छी तैयारी कर ली है। उसने सिलहट में खेले गए दूसरे टी20 मैच में नीदरलैंड्स को नौ विकेट से पटखनी दी और तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले ली है। इस जीत से बांग्लादेश को एशिया कप से पहले आत्मविश्वास हासिल होगा।

दूसरे टी20 मैच में बांग्लादेश के गेंदबाजों ने नीदरलैंड्स को 17.3 ओवरों में 103 रनों पर ढेर कर दिया। इस आसान से लक्ष्य को मेजबान टीम ने 13.1 ओवरों में एक विकेट खोकर हासिल कर लिया।

तंजीद ने दिखाया कमाल

आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम को परवेज हुसैव इमोन और तंजीद हसन ने तेज शुरुआत दी। दोनों ने छठे ओवर की दूसरी गेंद तक स्कोर 40 तक पहुंचा दिया था। यहीं काइल क्लेन ने परवेज को आउट कर दिया। वह 21 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 23 रन बनाने में सफल रहे। इसके बाद तंजीद को कप्तान लिटन दास का साथ मिला। दोनों ने मिलकर बाकी बचे 64 रन बना लिए और टीम को जीत दिलाई।

तंजीद ने 40 गेंदों का सामना कर चार चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 54 रन बनाए। कप्तान दास 18 गेंदों पर 18 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके मारे।

गेंदबाजों ने दिखाया कमाल

इससे पहले, बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर पहली पारी खेलने उतरी नीदरलैंड्स की टीम के बल्लेबाज विकेट पर पैर जमाने के लिए संघर्ष करते रहे। टीम के सिर्फ तीन बल्लेबाज ही दहाई के अंक में पहुंच सके। नौवें नंबर के बल्लेबाज आर्यन दत्त टीम के सर्वोच्च स्कोरर रहे। उन्होंने 24 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। विक्रमजीत सिंह 17 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 24 रन बनाने में सफल रहे। शाहरिज अहमद तीसरे बल्लेबाज रहे जो दहाई के अंक में पहुंच सके। उन्होंने 17 गेंदों पर 12 रन बनाए।

बांग्लादेश के लिए नासुम अहमद ने तीन विकेट लिए। तस्कीन अहमद और मुस्ताफिजुर रहमान ने दो-दो विकेट लिए। महेदी हसन और तंजीम हसन साकिब ने एक-एक विकेट लिया।

यह भी पढ़ें- BAN vs NED: बांग्लादेश ने पहले टी20I मैच में नीदरलैंड्स को हराया, घरेलू मैदान पर दर्ज की 10 साल में सबसे बड़ी जीत

यह भी पढ़ें- Asia Cup 2025 के लिए बांग्लादेश ने किया टीम का एलान, इस टी20 सीरीज के लिए भी चुने खिलाड़ी