विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 25, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

WIPL: अडानी ने 1289 करोड़ रुपये में अहमदाबाद फ्रेंचाइजी खरीदी, बीसीसीआई की 4669 करोड़ रुपये की हुई कमाई

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Nigam
Published: Wed, 25 Jan 2023 03:55 PM (IST)

महिला आईपीएल की पांच फ्रेंचाइजी को मालिक मिल गए हैं। अडानी ने सबसे महंगी बोली 1289 करोड़ रुपये के साथ ...और पढ़ें

अडानी ने सबसे महंगी बोली लगाकर अहमदाबाद फ्रेंचाइजी खरीदी
अडानी ने सबसे महंगी बोली लगाकर अहमदाबाद फ्रेंचाइजी खरीदी

नई दिल्‍ली, स्‍पोर्ट्स डेस्‍क। बहुप्रतीक्षित महिला आईपीएल की पांच फ्रेंचाइजी को मालिक मिल गए हैं। अडानी स्‍पोर्ट्सलाइन प्राइवेट लिमिटेड ने सबसे महंगी बोली 1289 करोड़ रुपये लगाकर अहमदाबाद फ्रेंचाइजी के मालिकाना हक खरीदे हैं।

मुंबई फ्रेंचाइजी दूसरी सबसे महंगी टीम बनी, जिसके लिए रिलायंस इंडस्‍ट्रीज लिमिटेड स्‍पोर्ट्स विंग इंडियाविन स्‍पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने 919.99 करोड़ रुपये की बोली लगाई। बेंगलुरु फ्रेंचाइजी को रॉयल चैलेंजर्स स्‍पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को 901 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीदा। जेएसडब्‍ल्‍यू जीएमआर क्रिकेट प्राइवेट लिमिटेड ने 810 करोड़ रुपये की बोली लगाकर दिल्‍ली फ्रेंचाइजी खरीदी।

कैप्री ग्‍लोब्‍ल होल्डिंग्‍स प्राइवेट लिमिटेड ने लखनऊ फ्रेंचाइजी के मालिकाना हक 757 करोड़ रुपये में खरीदे। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने सोशल मीडिया के जरिये पुष्टि की है कि यह ऐतिहासिक दिन है, जहां बोर्ड को पांच बोली से बड़ी रकम की कमाई हुई। शाह ने साथ ही पुष्टि की है कि महिला आईपीएल को महिला प्रीमियर लीग कहा जाएगा।

जय शाह ने ट्वीट किया, 'आज क्रिकेट में ऐतिहासिक दिन है क्‍योंकि महिला प्रीमियर लीग के उद्घाटन संस्‍करण के लिए टीमों ने रिकॉर्ड बोली लगाई और 2008 में पुरुष आईपीएल के उद्घाटन संस्‍करण का रिकॉर्ड तोड़ा। विजेताओं को शुभकामनाएं क्‍योंकि हमें कुल बोली 4669.99 करोड़ रुपये की मिली। यह महिला क्रिकेट में क्रांति की शुरुआत है और इससे न सिर्फ हमारी महिला क्रिकेटर्स के लिए बदलाव वाला रास्‍ता बनेगा, लेकिन पूरा खेल जगत शामिल है। महिला प्रीमियर लीग महिला क्रिकेट में जरूरी सुधार लाएगा और सुनिश्चित करेगा कि प्रत्‍येक स्‍टेकहोल्‍डर को फायदा मिले।'

बता दें कि महिला प्रीमियर लीग के उद्घाटन संस्‍करण में कुल 5 टीमें हिस्‍सा लेंगी। बीसीसीआई जल्‍द ही आगामी टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा करेगा। खिलाड़‍ियों की नीलामी अगले महीने होगी। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक फ्रेंचाइजी के पास डब्‍ल्‍यूपीएल 2023 नीलामी के लिए 12 करोड़ रुपये का पर्स होगा।

2024 में इसे बढ़ाकर 13.5 करोड़ रुपये किया जाएगा। फिर 2026 में 16.5 करोड़ और 2027 में इसे बढ़ाकर 18 करोड़ रुपये किया जाएगा। क्रिकबज की रिपोर्ट में बताया गया कि डब्‍ल्‍यूपीएल की अंतिम एकादश में 5 विदेशी खिलाड़‍ियों को शामिल करने की अनुमति होगी। टूर्नामेंट कथित रूप से 4 से 26 मार्च तक आयोजित होगा और सभी मुकाबले मुंबई में खेले जाएंगे।

यह भी पढ़ें: इंदौर के दर्शकों ने सारा...सारा... चिल्‍लाकर Shubman Gill की जमकर की खिंचाई, वायरल हो गया वीडियो

यह भी पढ़ें: मोहम्‍मद सिराज को कड़ी मेहनत का मिला ईनाम, आईसीसी वनडे रैंकिंग में बन गए नंबर-1 गेंदबाज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।