IPL Auction 2024: कौन है शुभम दुबे? भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ी को 5.8 करोड़ रुपये में इस टीम ने खरीदा, इस तरह बटोरी थी सुर्खियां
शुभम दुबे को राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2024 नीलामी में 5.8 करोड़ रुपये में खरीदा। शुभम दुबे आईपीएल 2024 सीजन के दूसरे सबसे महंगे अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी बने। शुभम दुबे की बेस प्राइस 20 लाख रुपये थी लेकिन दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच उन्हें खरीदने के लिए घमासान मचा। आखिरकार राजस्थान रॉयल्स की जीत हुई और वो शुभम दुबे को अपने खेमे में शामिल करने में कामयाब रहे।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आईपीएल ऐसा मंच है, जो किसी भी किस्मत चमका सकता है। यह बात 19 दिसंबर 2023 को एक बार फिर सच साबित हुई, जब राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2024 नीलामी में अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी शुभम दुबे को 5.8 करोड़ रुपये में अपने साथ खरीदा।
29 साल के शुभम दुबे की बेस प्राइस 20 लाख रुपये थी। जैसे ही दुबे का नाम आया तो दिल्ली कैपिटल्स ने सबसे पहले पैडल उठा लिया। फिर राजस्थान रॉयल्स ने पैडल उठाकर जंग छेड़ दी। दोनों फ्रेंचाइजी के बीच जमकर घमासान हुआ, लेकिन आखिरकार रॉयल्स बाजी मारने में कामयाब रहा।
कौन है शुभम दुबे?
शुभम दुबे भारतीय घरेलू क्रिकेट में जाना-माना नाम है। वो मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैं, जो बड़े-बड़े शॉट्स खेलने के लिए जाने जाते हैं। हाल ही में उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपना जलवा बिखेरा था। 29 साल के शुभम दुबे ने विदर्श के लिए केवल सात पारियों में 221 रन बनाकर सुर्खियां बटोरी। उनका टूर्नामेंट में स्ट्राइक रेट 187.28 का था।
यह भी पढ़ें: 'SRH ने मैच विनर को खरीदा'...भारत के महान स्पिनर अनिल कुंबले ने इस खिलाड़ी के लिए कही बड़ी बात
शुभम दुबे की सबसे शानदार पारी रही जब उन्होंने विदर्भ को बंगाल के खिलाफ 13 गेंदें शेष रहते सबसे बड़े लक्ष्य का सफल पीछा कराया था। शुभम ने नंबर-5 पर इंपैक्ट प्लेयर के रूप में क्रीज पर एंट्री की और केवल 20 गेंदों में 58 रन की तूफानी पारी खेली, जिसकी मदद से विदर्भ ने 213 रन का लक्ष्य हासिल किया।
शुभम दुबे का करियर
शुभम दुबे के टी20 के आंकड़ों पर गौर करें तो उन्होंने अब तक 20 टी20 मैच खेले, जिसमें 485 रन बनाए हैं। उनके करियर का स्ट्राइक रेट 145.20 का रहा और उन्होंने 37.30 की औसत से रन बनाए। आईपीएल में पहली बार शुभम दुबे को मौका मिला है। उनकी कोशिश होगी कि एक मौके को दोनों हाथों से भुनाएं और अपनी छाप छोड़े।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।