IPL 2025 Auction में इन दिग्गजों को हुआ करोड़ों का नुकसान, चुटकी में अर्श से पहुंचे फर्श पर, देखिए लिस्ट
आईपीएल में खिलाड़ियों की किस्मत बनती है। यहां नाम भी मिलता है और काम भी और पैसों की तो बारिश होती है। लखपति क्रिकेटर करोड़पति बनकर जाते हैं। आईपीएल-2025 की मेगा नीलामी में भी कुछ खिलाड़ियों की किस्मत चमकी है लेकिन कुछ दिग्गज ऐसे रहे हैं जिनका करोड़ों का नुकसान हुआ है। ये खिलाड़ी काफी हिम्मतवाले हैं जो करोड़ों का नुकसान झेल रहे हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। दो दिनों तक सउदी अरब के जेद्दा में चली आईपीएल की मेगा नीलामी की क्रिकेट जगत में जमकर चर्चा रही। इस नीलामी में 10 फ्रेंचाइजियों ने जमकर पैसा लुटाया और अपनी पसंद के खिलाड़ियों को खरीदा। कई खिलाड़ियों को उनकी उम्मीद से ज्यादा पैसा मिला। ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर ने तो कमाई के रिकॉर्ड तोड़ दिए। युवा खिलाड़ियों की झोली भर गई। कुछ खिलाड़ी ऐसे रहे जिनकी कमाई ज्यादा नहीं थी लेकिन अब करोड़ों में खेलेंगे, लेकिन कुछ दिग्गज ऐसे रहे जिनको करोड़ों का नुकसान हो गया।
आईपीएल में अर्श से फर्श और फर्श से अर्श का सफर आसानी से देखा जा सकता है। कुछ खिलाड़ी होते हैं जो ज्यादा कमाई नहीं करते लेकिन आईपीएल में आकर करोड़ों जेब में भर ले जाते हैं। वहीं कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं जो आईपीएल से ही करोड़ों कमा रहे होते हैं, लेकिन उनकी कीमत अचानक से कम हो जाती है। हम आपको इस बार नीलामी में बिके ऐसे ही कुछ दिग्गजों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनको इस बार मेगा नीलामी में करोड़ों का नुकसान हो गया।
करोड़ों का नुकसान झेलने वाला बहादुर क्रिकेटर्स
मिचेल स्टार्क
ऑस्ट्रेलिया के तूफानी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने पिछले साल कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस बार ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर दोनों उनसे महंगे गए। लेकिन हैरानी की बात ये रही की स्टार्क को इस बार वो कीमत नहीं मिली जो पिछले साल मिली थी। उनकी कीमत में 50 प्रतिशत से ज्यादा गिरवाट देखने को मिली। इस साल स्टार्क को दिल्ली कैपिटल्स ने 11.75 करोड़ रुपये में खरीदा। यानी स्टार्क को इस साल 13 करोड़ का नुकसान हुआ है।
सैम करन
इंग्लैंड के बाएं हाथ के ऑलराउंडर सैम करन पर पंजाब किंग्स ने आईपीएल-2022 में जमकर पैसा लुटाया था। पंजाब ने उनके लिए 18.50 करोड़ रुपये दिए थे। लेकिन इस बार करन को तगड़ा नुकसान हुआ है। चेन्नई सुपर किंग्स में उनकी वापसी हुई है, लेकिन 16.10 के घाटे के साथ। चेन्नई ने उनके लिए 2.40 करोड़ रुपये चुकाए हैं।
समीर रिजवी
पिछले साल महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने भारत के युवा क्रिकेटर समीर रिजवी के लिए 8.40 करोड़ रुपये की कीमत अदा की थी लेकिन इस बार समीर को 95 लाख रुपये ही मिले हैं यानी 7.45 करोड़ का नुकसान झेलना पड़ा है।
ग्लेन मैक्सवेल
ऑस्ट्रेलिया के तूफानी बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल को भी इस बार करोड़ों का घाटा झेलना पड़ा। आईपीएल-2022 की नीलामी में मैक्सवेल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू ने 11 करोड़ में खरीदा था। लेकिन इस बार पंजाब किंग्स में उनकी वापसी हुई है और इसके लिए ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी को 4.2 करोड़ मिलेंगे। यानी मैक्सवेल को इस बार 6.2 करोड़ का नुकसान हुआ है।
फाफ डु प्लेसी
साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसी पिछले तीन साल तक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू के साथ रहे। फ्रेंचाइजी ने उनके लिए सात करोड़ दिए थे। इस बार डुप्लेसी को पांच करोड़ का नुकसान हुआ है। वह दिल्ली कैपिटल्स में दो करोड़ की कीमत के साथ गए हैं।
इशान किशन
मुंबई इंडियंस के अहम सदस्य रहे इशान किशन को भी इस साल भारी भरकम नुकसान हुआ है। मुंबई पिछले साल तक उन्हें 15.25 करोड़ रुपये दे रही थी। इस बार मुंबई ने उन्हें रिटेन नहीं किया और वह नीलामी में उतरे। नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 11.25 करोड़ में खरीदा है। इशान को चार करोड़ का घाटा हुआ है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।