'आर अश्विन को मिलना चाहिए सबसे बड़ा खेल पुरस्कार', कांग्रेस सांसद ने उठाई मांग; खेल मंत्रालय को लिखा लेटर
कांग्रेस सांसद विजय वसंत ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया से भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित करने का आग्रह किया। भारत के स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बुधवार को ब्रिस्बेन टेस्ट के ड्रॉ होने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद विजय वसंत ने खेल मंत्रायल से भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्र अश्विन के लिए खेल रत्न की मांग कर दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर खेल मंत्री मनसुख मांडविया को टैग करते हुए मेजर ध्यानचंद खेल रत्न आवार्ड दिए जाने की अपील की।
विजय वसंत ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, मैंने युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि आर अश्विन को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाए। भारतीय क्रिकेट में उनके असाधारण योगदान और मैदान पर उल्लेखनीय उपलब्धियां उन्हें वास्तव में इस सम्मान का हकदार बनाती हैं।
गाबा टेस्ट के बाद अश्विन ने किया संन्यास का एलान
गौरतलब हो कि बुधवार को अश्विन ने गाबा टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। उनके संन्यास की अटकलें तब शुरू हुईं जब उन्होंने भावुक होते हुए विराट कोहली को गले लगाया था। तभी यह माना जा रहा था वह अपने संन्यास की घोषणा कर सकते हैं।
ऐसा रहा है अश्विन का क्रिकेट करियर
अश्विन ने भारत के लिए 106 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 537 विकेट लिए, जिसमें 37 बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है। वहीं, अश्विन ने 3,503 रन बनाए। वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले अनिल कुंबले के बाद दूसरे खिलाड़ी भी हैं।
सीमित ओवरों के क्रिकेट में अश्विन ने 181 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 228 विकेट लिए। उन्होंने 116 वनडे में हिस्सा लिया, जिसमें उन्होंने 4/25 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 156 विकेट लिए और 707 रन बनाए। 65 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 4/8 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 72 विकेट लिए और 184 रन बनाए।
765 इंटरनेशनल विकेट हैं अश्विन के नाम
सभी प्रारूपों में 765 अंतरराष्ट्रीय विकेटों के साथ, अश्विन कुंबले (953) के बाद भारत के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। वह भारत की 2011 वर्ल्ड कप विजेता टीम और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी टीम का भी हिस्सा थे। अश्विन के संन्यास से एक युग का अंत हो गया है। वे अपने पीछे एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जो भावी पीढ़ियों को प्रेरित करेगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।