Year Ender 2020: इस साल इन दिग्गज खिलाड़ियों को खेल जगत ने खोया, नम आंखों से दी विदाई
यह साल खेल के लिहाज से भी बेहद खराब रहा और कई दिग्गजों को हमने खो दिया। दुनिया के बेहतरीन बास्केटबॉल खिलाड़ी कोबे ब्रायंट की दुर्घटना में मौत हुई तो वहीं पूर्व भारतीय दिग्गज चेतन चौहान की कोरोना ने जान ले ली।

नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2020 ने दुनिया को कई ऐसे गम दिए जिसको लोग कभी याद नहीं करना चाहेंगे। यह साल खेल के लिहाज से भी बेहद खराब रहा और कई दिग्गजों को हमने खो दिया। दुनिया के बेहतरीन बास्केटबॉल खिलाड़ी कोबे ब्रायंट की दुर्घटना में मौत हुई तो वहीं पूर्व भारतीय दिग्गज चेतन चौहान की कोरोना ने जान ले ली।
कोबे ब्रायंट
साल की शुरुआत खेल जगत के लिए बेहद दुखी करने वाली खबर के साथ हुई। 26 जनवरी को बास्केटबॉल की दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी कोबे ब्रायंट की मौत ने हर किसी को सदमा दिया। कोबे का प्राइवेट हेलीकॉप्टर कैलिफोर्निया के कैलाबैसस में दुर्घटना का शिकार हो गया। इस हादसे में कोबे के साथा यात्री कर रही उनकी बेटी और बाकी लोगों की भी मौत हो गई।
डिएगो माराडोना
फुटबॉल की दुनिया पर अपनी छाप छोड़ने वाले महान डिएगो माराडोना इस साल अपने फैंस को अलविदा कह गए। अर्जेंटीना को विश्व चैंपियन बनाने वाले इस खिलाड़ी के निधन की खबर 25 नवंबर को मिली तो लोगों को पूरी दुनिया शोक में डूब गई। हैंड ऑफ गॉड माराडोना हार्ट अटैक के कारण दुनिया को छोड़कर चले गए।
डीन जोन्स
इस साल क्रिकेट की दुनिया ने शानदार कमेंटेटर और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डीन जोन्स को खेल दिया। जोन्स इंडियन प्रीमियर लीग की कमेंट्री के लिए भारत में थे जब अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। 24 सितंबर को जब उनके निधन की खबर आई तो क्रिकेट जगत सकते में आ गया। महज 59 साल की उम्र में जोन्स ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
बलबीर सिंह सीनियर
भारतीय हॉकी को दुनिया भर में अलग पहचान दिलाने वाले बलबीर सिंह सीनियर के किस्से हम सभी सुनते आए हैं। आजाद भारत को ओलंपिक गोल्ड दिलाने में इस महान खिलाड़ी का निधन देश में शोक की लहर लेकर आया। 96 साल के बलबीर काफी समय से अस्पताल में भर्ती थी। इस महान हॉकी खिलाड़ी को पूरे भारत ने नम आंखों से याद किया और विदाई दी।
चेतन चौहान
कोरोना ने इस साल पूरी दुनिया के काफी नुकसान पहुंचाया लेकिन क्रिकेट के फैंस के लिए दुखत याद देकर गया। पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन चौहान को कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया। कोरोना संक्रमित होने के बाद चेतन चौहान को किडनी फेल हो गई और उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। गुरूग्राम के मेदांता अस्पताल में चेतन ने आखिरी सांस ली।
बापू नादकर्णी
भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज बापू नादकर्णी जिनके नाम लगातार 21 मेडन ओवर फेंकने का रिकॉर्ड दर्ज है वो इस साल हमें छोड़कर चले गए। 86 साल की उम्र में उनका निधन हुआ। भारतीय क्रिकेट में कंजूस गेंदबाज के तौर पर जाने जाने वाले बापू ने 13 साल के करियर में 41 टेस्ट मैच खेले जिसमें 88 विकेट हासिल किए थे।
चुन्नी गोस्वामी
दुनिया ने इस साल एक और महान फुटबॉलर खो दिया। पूर्व भारतीय कप्तान जिन्होंने साल 1962 में देश को एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जिताया वह दुनिया को अलविदा कह गए। 82 साल के चुन्नी गोस्वामी की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई। इस महान खिलाड़ी के निधन पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत खेल मंत्री किरण रिजिजू ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।