IND vs SA T20 World Cup 2022: क्या 2011 का संयोग दिलाएगा टीम इंडिया को 2022 का टी20 वर्ल्ड कप
IND vs SA T20 World Cup 2022 साउथ अफ्रीका से हारने के बाद भी भारतीय फैंस ज्यादा निराश नहीं हैं। इसकी वजह है 2011 वर्ल्ड कप का वह संयोग जिसके कारण फैंस को लगता है कि इतिहास खुद को दोहराएगा।
नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप में आखिरकार टीम इंडिया के जीत के सिलसिले को साउथ अफ्रीका की टीम ने रोक दिया। पर्थ की उछाल भरी पिच पर साउथ अफ्रीका की पेस बेट्री के सामने टीम इंडिया का टॉप आर्डर पूरी तरह से बिखर गया। 49 रन के स्कोर पर 5 विकेट गंवाने के बाद भी सूर्यकुमार यादव की 40 गेंदों पर 68 रन की पारी के दम पर भारत ने 9 विकेट खोकर 133 रन का स्कोर खड़ा किया।
जवाब में टीम इंडिया की गेंदबाजी ने साउथ अफ्रीका की टीम के लिए भी शुरुआत में काफी मुश्किलें खड़ी की लेकिन डेविड मिलर और एडेन मार्करम के अर्धशतकीय पारी के दम पर आखिरी ओवर के रोमांच में साउथ अफ्रीका ने 5 विकेट से जीत दर्ज कर प्वाइंट्स टेबल में नंबर वन का स्थान प्राप्त कर लिया। लेकिन हार के बावजूद भारतीय फैंस ज्यादा उदास नहीं हैं क्योंकि उन्हें 2011 के वर्ल्ड कप का कनेक्शन याद आ रहा है। यह वह कनेक्शन है जिससे टीम इंडिया 15 साल के सूखे को खत्म कर सकती है।
क्या है 2011 का साउथ अफ्रीका से हारने का कनेक्शन?
दरअसल 2011 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को लीग स्टेज में साउथ अफ्रीका से हार मिली थी और उसके बाद टीम इंडिया ने लगातर जीत दर्ज करते हुए फाइनल में श्रीलंका को हराकर वर्ल्ड कप जीता था। यही कारण है कि फैंस उस कनेक्शन को याद कर रहे हैं और साउथ अफ्रीका से हारने के बाद उन्हें लगता है कि टीम इंडिया 15 साल के सूखे को अब खत्म कर सकता है।
गजब का है संयोग
2011 वर्ल्ड कप की बात करें तो लीग स्टेज में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में 297 रन का लक्ष्य दिया जिसे साउथ अफ्रीका की टीम ने 2 गेंद शेष रहते 7 विकेट खोकर हासिल कर लिया। गजब का संयोग है कि रविवार को पर्थ में खेले गए मैच में भी साउथ अफ्रीका ने 2 गेंद शेष रहते जीत हासिल की।
2011 World Cup:
IND beats PAK, NED. Loses to SA. pic.twitter.com/oLECFlNZt1— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) October 30, 2022
2011 में भी साउथ अफ्रीका से हारने से पहले भारत ने पाकिस्तान और नीदरलैंड को हराया था, यहां भी वैसा ही हुआ है। टीम इंडिया 2011 में उस मैच के बाद एक भी मैच नहीं हारी थी। फैंस को उम्मीद है कि इतिहास खुद को दोहराएगा और टीम इंडिया एक बार फिर ऐसा ही कारनामा दोहराएगी और 15 साल के सूखे को खत्म कर ही वतन लौटेगी।
इतना ही नहीं 2011 वर्ल्ड कप में आयरलैंड ने भी इंग्लैंड की टीम को पटखनी दी थी और इस टी20 वर्ल्ड कप में भी आयरलैंड ने बड़ा उलटफेर करते हुए इंग्लैंड की टीम को हराया है।