U19 World Cup 2020: रोहित शर्मा ने जताई उम्मीद, कहा- विश्व कप खिताब जीतेगा भारत!
U19 World Cup 2020 रोहित शर्मा ने कहा है कि भारत पांचवीं बार विश्व कप खिताब जीत सकता है।
नई दिल्ली, जेएनएन। टीम इंडिया के तूफानी ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने साल 2019 में इंग्लैंड में खेले गए वनडे विश्व कप में सबसे ज्यादा पांच शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। पिछला साल रन बनाने के लिहाज से रोहित के लिए शानदार रहा था और उन्हें आइसीसी ने वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर का खिताब भी दिया था। फिलहाल रोहित न्यूजीलैंड दौरे पर हैं और उन्होंने इस वक्त साउथ अफ्रीका में अंडर 19 विश्व कप खेल रही भारतीय अंडर 19 टीम को इस टूर्नामेंट के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं।
इसके अलावा रोहित ने इस बात की उम्मीद भी जताई की भारतीय टीम विश्व कप खिताब जीतेगी। रोहित शर्मा ने ट्वीट करते हुए लिखा कि भारतीय अंडर 19 क्रिकेट टीम को शुभकामनाएं। इस टूर्नामेंट में उनकी शुरुआत शानदार रही है और वो खिताब को बरकरार रख सकते हैं।
Best wishes to the under-19 cricket team in South Africa. They are already off to a great start, hope they can defend the title and bring it back. — Rohit Sharma (@ImRo45) January 22, 2020
प्रियम गर्ग की कप्तानी में भारतीय अंडर 19 टीम ने अपने पहले दो लीग मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर सुपर लीग क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय टीम ने पहले मैच में श्रीलंका को 90 रन से हराया था जबकि दूसरे मैच में जापान पर दस विकेट से बड़ी जीत दर्ज की थी। अब आखिरी लीग मैच में भारत का सामना न्यूजीलैंड के साथ होगा। भारत ने अपने पहले दोनों मैचों में एकतरफा जीत दर्ज की थी।
भारत ने अब तक चार बार अंडर 19 विश्व कप का खिताब जीता है। भारत ने सबसे पहले मो. कैफ की कप्तानी में साल 2002 में, फिर 2012 में उन्मुक्त चंद की कप्तानी में भारत ने ये कमाल किया था। विराट की कप्तानी में भारत ने साल 2008 में ये उपलब्धि अपने नाम की थी और उसके बाद साल 2018 में पृथ्वी शॉ की कप्तानी में अंडर 19 विश्व कप का खिताब जीता था। अब प्रियम गर्ग की कप्तानी में इस बात की उम्मीद की जा रही है कि वो देश के लिए पांचवीं बार ये उपलब्धि हासिल करें।