सुरक्षा की नहीं मुक्कमल व्यवस्था, अस्पताल में बरपता रहा हैं हंगामा
कटिहार। सदर अस्पताल में शुक्रवार को नवजात की मौत के बाद हुए हंगामा से अस्पताल की सुरक्षा व् ...और पढ़ें

कटिहार। सदर अस्पताल में शुक्रवार को नवजात की मौत के बाद हुए हंगामा से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल एक बार फिर खुल गई है। आए दिन अस्पताल में किसी मरीज की मौत होने के बाद हंगामा बरपता रहा है। सुरक्षा के लिए प्रतिनियुक्त होमगार्ड के जवान मूकदर्शक बने रहते हैं। बताते चलें कि इससे पूर्व भी इलाज में कोताही का आरोप लगाते हुए डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट की घटना हुई थी। डॉक्टरों ने सुरक्षा की मांग को लेकर अपने को ड्यूटी से अलग रखा था। सिविल सर्जन द्वारा डीएम व एसपी को पत्र लिखकर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती की मांग की थी। इसके बाद आधा दर्जन पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति अस्पताल परिसर में की गई थी। लेकिन कुछ दिन बाद ही प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मी को हटा लिया गया। अस्पताल की सुरक्षा का काम होमगार्ड जवानों के भरोसे है। वहीं आए दिन इलाज में कोताही बरतने एवं अवैध राशि की मांग की शिकायत भी मिलती रही है। प्रसव वार्ड में अनियमितता और प्रसव कराने के नाम पर पैसे की मांग करना आम बात हो गई है। हंगामा होने की स्थिति में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं डॉक्टर भी अपना पल्ला झाड़ लेते हैं। आए दिन होने वाली घटना से अस्पताल में भर्ती मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिलाधिकारी के दिशा निर्देश के बाद भी सदर अस्पताल की व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी है। नगर थाना से महज चंद की दूरी पर स्थित सदर अस्पताल में हंगामा और मारपीट की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल भी खड़ा होता है। इसका सीधा असर स्वास्थ्य सेवा और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज पर भी होता है। हंगामा होने पर कई बार स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के बीच भी आरोप प्रत्यारोप का दौर चला है। अस्पताल प्रशासन मुक्कमल सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने का रोना रोते हैं। वहीं कई मामलों में ड्यूटी पर डॉक्टर के नहीं होने एवं इलाज में लापरवाही की बात भी सामने आई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।