विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 08, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Chhattisgarh News: जहां सूरज की रोशनी तक नहीं पहुंचती, वहां के मेधावियों ने की गगन की सैर

By Jagran NewsEdited By: Sachin Kumar Mishra
Published: Sat, 08 Oct 2022 06:56 PM (IST)

Chhattisgarh News मेधावी छात्र देवानंद ने कहा कि मेरे गांव में सूरज की रोशनी भी मुश्किल से पहुंच पाती है ...और पढ़ें

जहां सूरज की रोशनी तक नहीं पहुंचती वहां के मेधावियों ने की गगन की सैर। फोटो इंटरनेट मीडिया
जहां सूरज की रोशनी तक नहीं पहुंचती वहां के मेधावियों ने की गगन की सैर। फोटो इंटरनेट मीडिया

रायपुर, जेएनएन। Helicopter Ride: जो कल तक सपनों में सफलता की उड़ान भर रहे थे, आज वह हकीकत में बदल गई। अबूझमाड़ निवासी 10वीं कक्षा के मेधावी छात्र देवानंद कुमेटी के पैर आज जमीन पर नहीं पड़ रहे हैं। उन्होंने अभी तक अबूझमाड़ के घने जंगलों तक ही सफर कर रखा था। रायपुर में पहली बार आना और सीधे हेलीकाप्टर में आसमान की सैर करना किसी सपने से कम नहीं है। यह सबकुछ हो पाया है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) की बदौलत।

हेलीकाप्टर की सवारी किसी सपने से कम नहीं

देवानंद अपनी खुशी को व्यक्त भी नहीं कर पा रहा है। उसने कहा कि मेरे गांव गुमियापाल में सूरज की रोशनी भी बहुत मुश्किल से पहुंच पाती है, ऐसे में हेलीकाप्टर की सवारी किसी सपने से कम नहीं है। घर लौटूंगा तो सबको बताऊंगा कि जिस हेलीकाप्टर से सीएम उड़ान भरते हैं, उसी में मैं भी बैठकर आया हूं। नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ के विशेष पिछड़ी जनजाति अबुझमाड़िया समुदाय के देवानंद कुमेटी ने विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग से 10वीं में टाप किया है। उनके पिता आयतु राम कुमेठी किसान हैं।

हेलीकाप्टर में घूमते देख दूसरे विद्यार्थी भी टापर बनने हुए प्रेरित

राजधानी के आकाश में लाल रंग के हेलीकाप्टर को बार-बार उड़ता देख विद्यार्थी सहज ही आकर्षित हुए और यह चर्चा का विषय बना रहा। विद्यार्थियों को यह पता था कि मुख्यमंत्री बघेल की घोषणा के अनुरूप शनिवार को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं और 12 वीं के मेधावी विद्यार्थियों को हेलीकाप्टर से जायराइड कराया गया जाएगा।

पिता बोले- पूरे खानदान में कोई नहीं चढ़ा हेलीकाप्टर

कक्षा 10वीं में टापटेन में शामिल खुशी यादव के पिता संजय यादव फूले नहीं समा रहे। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को मैं धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। संजय ने कहा कि मेरे खानदान में आज तक किसी ने हेलीकाप्टर की सैर नहीं की। ज्ञानदीप हायर सेकेंडरी स्कूल जांजगीर की खुशी कहती हैं कि शहर के लोगों को आसमान के उपर से देखा तो बहुत ही मजा आया।

यादगार रहेगी यह सफलता

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को धन्यवाद देते हुए मोना माडर्न हायर सेकेंडरी स्कूल बरमकेला रायगढ़ की छात्रा कुसुम साव ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए बहुत खास और यादगार रहेगा, पहली बार आसमान की सैर की। डर भी था और खुशी भी । मैंने कभी नहीं सोचा था हेलीकाप्टर में बैठ पाऊंगी लेकिन मुख्यमंत्री जी ने मुझे हेलीकाप्टर की सैर करा दी। कुसुम 10वीं में टापर हैं।

मुख्यमंत्री को धन्यवाद

10वीं में टापर रहीं एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल बिलासपुर की छात्रा भूमिका पटेल ने कहा कि घर से निकल रही थी तो पूरे गांव के लोग देख रहे थे कि बिटिया हेलीकाप्टर में बैठेगी। हेलीकाप्टर में चढ़ने से पहले बहुत उत्साहित थी। ऊपर आसमान में बहुत अच्छा लगा। इसके लिए मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद देती हूं ।

पिता ने भी पहली बार नजदीक से देखा हेलीकाप्टर

एकलव्य अंग्रेजी माध्यम विद्यालय अर्जुंदा महासमुंद की छात्रा प्राची भोई और उनके पिता ललित कुमार भोई ने कहा कि हमने पहली बार इतने करीब से हेलीकाप्टर देखा। पिता ललित ने कहा कि आज बेटी की बदौलत यह संभव हो गया। बेटियां बेटों से कम नहीं हैं।

12वीं के टापर एकांत प्रधान ने कहा, सपना जैसा लगा

हायर सेकेंडरी स्कूल पुसौर रायगढ़ से 12वीं में टापर रहे एकांत प्रधान ने कहा कि ऐसा लगा जैसे सपना देख रहा हूं। मुख्यमंत्री महोदय को मेरा धन्यवाद। उनके पिता नरेश प्रधान ने कहा कि छोटी दुकान चलाता हूं। रायपुर भी कभी-कभार आते हैं। इस बार नजदीक से हेलीकाप्टर देखा तो दिल खुश हो गया।  

यह भी पढ़ेंः रावण का पुतला सही से नहीं जलने पर लिपिक निलंबित, चार को नोटिस