विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 21, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bhanupratappur Bypoll: भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम पर दुष्कर्म के आरोप से गरमाई सियासत

By Jagran NewsEdited By: Sachin Kumar Mishra
Published: Mon, 21 Nov 2022 02:54 PM (IST)Updated: Mon, 21 Nov 2022 09:36 PM (IST)

Bhanupratappur Bypoll भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम पर दुष्कर्म के आरोप से सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी का नाम 2019 में एक नाबालिग से दुष्कर्म करने और उसे देह व्यापार में धकेलने के मामले में सामने आया था।

भानुप्रतापपुर उपचुनाव: भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम पर दुष्कर्म के आरोप से गरमाई सियासत। फाइल फोटो
भानुप्रतापपुर उपचुनाव: भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम पर दुष्कर्म के आरोप से गरमाई सियासत। फाइल फोटो

रायपुर, आनलाइन डेस्क। Bhanupratappur Bypoll: छत्तीसगढ़ में भानुप्रतापपुर उपचुनाव (Bhanupratappur Bypoll) में भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम (Bramhanand Netam) पर दुष्कर्म के आरोप से राजनीति गरमा गई है। इस मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस एक-दूसरे पर निशाना साध रही हैं।

कांग्रेस ने लगाया ये आरोप

कांग्रेस (Congress) ने आरोप लगाया कि भाजपा (BJP) प्रत्याशी का नाम 2019 में एक नाबालिग से दुष्कर्म करने और उसे देह व्यापार में धकेलने के मामले में सामने आया था। इसका उल्लेख उन्होंने निर्वाचन आयोग के शपथ पत्र में नहीं किया है। यह मामला झारखंड के जमशेदपुर में दर्ज है।

भाजपा प्रत्याशी ने कहा, कांग्रेस की साजिश

इस बीच, भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम ने इसे कांग्रेस की साजिश बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने सोमवार को इस मामले की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है।

भूपेश बघेल का ट्वीट, भाजपा ने छत्तीसगढ़ को किया शर्मशार

सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट में लिखा कि मुझे लिखते हुए पीड़ा हो रही है कि छत्तीसगढ़ को शर्मसार करने का काम भाजपा ने किया है। प्रदेश की जनता ने 15 साल सरकार में रहने का अवसर दिया, इसके बावजूद नाबालिग से दुष्कर्म और देह व्यापार में धकेलने के आरोप में अभियुक्त व्यक्ति को उन्होंने अपना प्रत्याशी बनाया।

2008 में मनोज मंडावी को हराया था

ब्रम्हानंद वर्ष 2008 में भानुप्रतापपुर से विधायक चुने गए थे, लेकिन अगले दो चुनाव में पार्टी ने उनको टिकट नहीं दिया। 2008 में ब्रम्हानंद ने निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे मनोज मंडावी को हराया था। उस चुनाव में गंगा पोटाई कांग्रेस की प्रत्याशी थीं और तीसरे स्थान पर रहीं। 12वीं तक पढ़े ब्रम्हानंद नेताम की आदिवासी समाज में अच्छी पकड़ है। वह 2004 में ग्राम कसावही से सरपंच चुने गए। वर्तमान में नेताम भाजपा अजजा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।

ब्रम्हानंद नेताम का इस बार सावित्री मंडावी से होगा मुकाबला

कांग्रेस ने भानुप्रतापपुर उपचुनाव में इस सीट से दिवंगत मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी को मैदान में उतारा है। इस सीट पर मनोज मंडावी के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है। इस बार भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम का कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री मंडावी से होगा। उपचुनाव के लिए पांच दिसंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती आठ दिसंबर को होगी।

ब्रम्हानंद के विरुद्ध कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी

नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फंसे भाजपा प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम की मुश्किल बढ़ने वाली है। जमशेदपुर पुलिस छत्तीसगढ़ पुलिस के संपर्क में है। जमशेदपुर के सिटी एसपी के. विजय शंकर ने बताया कि इस प्रकरण के पांच आरोपितों के विरूद्ध जमशेदपुर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है। ब्रम्हानंद समेत अन्य पांच के विरूद्ध शीघ्र आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी की जा रही है। पूर्व विधायक ब्रम्हानंद को भाजपा ने भानुप्रतापपुर उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया है।

कांग्रेस ने लगाया था ये आरोप

कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया था कि ब्रम्हानंद पर झारखंड के जमशेदपुर के टेल्को थाने में पाक्सो एक्ट और अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज है। उन्होंने इसकी जानकारी निर्वाचन आयोग को दिए शपथ पत्र में छिपाई है। कांग्रेस के आरोप के बाद यहां राजनीति में उबाल आ गया है। सोमवार को कांग्रेस ब्रम्हानंद का नामांकन निरस्त करने की मांग को लेकर निर्वाचन आयोग पहुंच गई। छत्तीसगढ़ की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहब कंगाले ने कहा कि कांग्रेस की शिकायत का परीक्षण किया जा रहा है। भाजपा ने ब्रम्हानंद का बचाव किया है। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि मतदान से कुछ दिन पहले कांग्रेस ने ओछी मानसिकता दिखाई है। यही इनका चरित्र है।

बचपन में जीजा ने किया दुष्कर्म, फिर लगातार शिकार होती रही

जमशेदपुर के न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष धारा 164 के तहत दिए बयान में पीड़िता ने बताया है कि उसके माता पिता नहीं हैं। जब वह नौ वर्ष की थी तभी टेल्को में जीजा ने दुष्कर्म किया। कोलकाता में बहन के घर गई तो उसने एक आंटी के पास बेच दिया। वहां से भागकर हावड़ा पुलिस के पास पहुंची तो उसे बाल गृह भेज दिया गया। वहां से रांची आश्रम गई। वहां से मदर टेरेसा वेलफेयर ट्रस्ट भेजा गया। वहां टेल्को वाली बहन उसे वहां से दोबारा अपने घर ले गई। उससे घरेलू काम कराया जाता था। जीजा हमेशा दुष्कर्म किया करता। बहन ने अपने परिचित रवि रंजीत सिंह के साथ रायपुर भेज दिया। यहां आरोपितों ने उसकी तस्वीर खींच ली और आठ लोगों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। यहां से आरोपित उसे झारसुगुड़ा ले गए।

लगातार दुष्कर्म का शिकार होती रही पीड़िता

पीड़िता लगातार दुष्कर्म का शिकार होती रही। चार पुलिस वालों ने भी उसका शोषण किया था। उसे एक होटल में रखा गया था। होटल वालों ने पुलिस को फोन किया। बागबेड़ा पुलिस ने उसका रेस्क्यू किया था। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद टेल्को पुलिस ने जांच शुरू की तो दस आरोपितों के नाम सामने आए। जांच में पता चला कि जमशेदपुर, झारसुगुड़ा व रायपुर में पीड़िता शोषण का शिकार हुई। पुलिस ने टेल्को की प्रतिमा देवी, सुखदेव गोराई, सोनारी के रवि रंजीत सिंह, रायपुर के शीतल महतो उर्फ सपना महतो व एक अन्य को गिरफ्तार किया था। जमशेदपुर पुलिस पीडि़ता को लेकर रायपुर पहुंची थी। जांच में ब्रम्हानंद नेताम, भोपाल के करण सिंह, महासमुंद के सुरेंद्र कुमार, दीपांकर सिन्हा, नरेश सोनी व पुलिसकर्मी केशव सिन्हा का नाम सामने आया।

यह भी पढ़ेंः करोड़ों के कालेधन को दबाने में फंसी पुलिस, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।