Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Gold Reserves: इन 10 देशों के पास है सबसे अधिक सोना, जानें कौन-से नंबर पर है भारत

    Updated: Mon, 03 Feb 2025 04:45 PM (IST)

    Highest Gold Reserves Countries दुनिया भर के देश अपनी आर्थिक स्थिरता के लिए गोल्ड रिजर्व लगातार बढ़ा रहे हैं। इनमें भारत और चीन जैसे देश भी शामिल है। गोल्ड रिजर्व बढ़ाने का मकसद अमेरिकी डॉलर पर निर्भरता कम करना भी है। आइए जानते हैं कि किस देश के पास कितना बड़ा गोल्ड रिजर्व है और भारत इस लिस्ट में कौन-से नंबर पर है।

    Hero Image
    अमेरिका के पास दुनिया का सबसे बड़ा स्वर्ण भंडार है।

    बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। सोना (Gold) सदियों से किसी भी देश की अर्थव्यवस्था और वित्तीय स्थिरता का अहम हिस्सा रहा है। यह न सिर्फ मुद्रास्फीति (Inflation) के खिलाफ कारगर हथियार है, बल्कि युद्ध या किसी अन्य आपदा के वक्त भी देश की इकोनॉमी को उबारने में मदद करता है। आइए जानते हैं कि किस देश के पास सबसे अधिक गोल्ड रिजर्व है और इस लिस्ट में भारत कौन-से नंबर पर है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    1. अमेरिका (USA)

    अमेरिका के पास दुनिया का सबसे बड़ा स्वर्ण भंडार है। इससे अमेरिका की आर्थिक शक्ति का पता चलता है। डॉलर लंबे समय से ग्लोबल करेंसी के तौर पर चलन में है। फिर भी अमेरिका ने सोने को अपनी अर्थव्यवस्था की रीढ़ बना रखा है। इससे मुश्किल हालात के दौरान इकोनॉमी को स्थिर करने में मदद मिलती है।

    • स्वर्ण भंडार: 8,133.46 टन
    • कुल मूल्य: $6.09 बिलियन
    • कहां रखा है: फोर्ट नॉक्स और अन्य सरकारी तिजोरियों में

    2. जर्मनी

    द्वितीय विश्व युद्ध के बाद जर्मनी आर्थिक तौर पर एकदम बदहाल हो गया था। लेकिन, फिर उसने लगातार अपने गोल्ड रिजर्व को संगठित रूप से बढ़ाया। अब जर्मनी दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा स्वर्ण भंडार रखने वाला देश है।

    • स्वर्ण भंडार: 3,351.53 टन

    • कुल मूल्य: $2.51 बिलियन

    • कहां रखा है: बुंडेसबैंक (Bundesbank) की तिजोरियों में और कुछ विदेशों में

    3. इटली

    इटली हमेशा से यूरोप में व्यापार का केंद्र रहा है। यही वजह है कि उसे काफी पहले गोल्ड की अहमियत का अंदाजा हो गया था। गोल्ड भंडार की वजह से इटली की अर्थव्यवस्था स्थिर रही और विकसित देश बना। उसका गोल्ड रिजर्व मुख्य रूप से यूरोपीय सेंट्रल बैंक के नियंत्रण में रहता है।

    • स्वर्ण भंडार: 2,451.84 टन

    • कुल मूल्य: $1.82 बिलियन

    • कहां रखा है: बैंक ऑफ इटली

    4. फ्रांस

    फ्रांस भी यूरोप की एक महत्वपूर्ण आर्थिक ताकत है। उसके पास भी 2,436.97 टन का बड़ा गोल्ड भंडार है। फ्रांस लगातार अपने गोल्ड रिजर्व को उच्च स्तर पर बनाए रखने की कोशिश करता है। इससे आर्थिक मंदी या दूसरे संकट के समय भी उसकी अर्थव्यवस्था को स्थिर रखने में मदद मिलती है।

    • स्वर्ण भंडार: 2,436.97 टन

    • कुल मूल्य: $1.83 बिलियन

    • कहां रखा है: बैंक ऑफ फ्रांस

    5. रूस

    यूक्रेन से युद्ध के बाद रूस ने अपने विदेशी मुद्रा भंडार में विविधता लाने के लिए बड़े पैमाने पर सोना खरीदा है। पहले उसके विदेशी मुद्रा भंडार में डॉलर और यूरो भी काफी मात्रा में थे। लेकिन, अमेरिका और उसके यूरोपीय साथियों ने उसे जब्त कर लिया। यही वजह है कि अब गोल्ड रूस की आर्थिक नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।

    • स्वर्ण भंडार: 2,335.85 टन

    • कुल मूल्य: $1.83 बिलियन

    • कहां रखा है: रूसी केंद्रीय बैंक

    6. चीन

    चीन अमेरिका के बाद दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी इकोनॉमी है। वह पिछली कई तिमाहियों से अपने सोने के भंडार को बढ़ा रहा है, ताकि अपनी मुद्रा को मजबूत कर सके। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में चीन पर 10 फीसदी का टैरिफ लगाया है। यही वजह है कि चीन गोल्ड रिजर्व बढ़ाकर डॉलर पर निर्भरता कम करना चाहता है।

    • स्वर्ण भंडार: 2,264.32 टन
    • कुल मूल्य: $1.69 बिलियन
    • कहां रखा है: पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना

    7. जापान

    जापान भी दुनिया की विकसित अर्थव्यवस्थाओं में शुमार है। उसके पास भी सोने का बड़ा भंडार है, जिससे उसे अपनी आर्थिक स्थिरता को बनाए रखने में मदद मिलती है। खासकर, यह देखते हुए कि उस पर विदेशी कर्ज काफी ज्यादा है। बीबीसी की 2023 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जापान पर 9.2 ट्रिलियन डॉलर का कर्ज है, जो उसके जीडीपी से 266 फीसदी ज्यादा है।

    • स्वर्ण भंडार: 845.97 टन
    • कुल मूल्य: $633 मिलियन
    • कहां रखा है: बैंक ऑफ जापान

    8. भारत

    भारत गोल्ड रिजर्व के मामले में दुनिया में 8वें नंबर पर है। यहां सोना सिर्फ वित्तीय संपत्ति नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और धार्मिक नजरिए से भी काफी अहमियत रखती है। भारतीय महिलाओं के पास गोल्ड का सबसे बड़ा भंडार भी है। यह भंडार देश की आर्थिक सुरक्षा का काफी महत्वपूर्ण हिस्सा है। भारत भी डॉलर पर निर्भरता घटाने के लिए तेजी से सोना खरीद रहा है।

    • स्वर्ण भंडार: 840.76 टन
    • कुल मूल्य: $630 मिलियन
    • कहां रखा है: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI)

    9. नीदरलैंड्स

    नीदरलैंड्स ने भी आर्थिक स्थिरता के लिए गोल्ड का बड़ा भंडार बना रखा है। उसके पास 612.45 टन का गोल्ड रिजर्व है। जीडीपी के हिसाब से नीदरलैंड्स दुनिया की 18वीं और यूरोप की पांचवी सबसे बड़ी इकोनॉमी है।

    • स्वर्ण भंडार: 612.45 टन
    • कुल मूल्य: $458 मिलियन
    • कहां रखा है: डच सेंट्रल बैंक

    10. तुर्किए

    तुर्किए ने हाल के वर्षों में अपने स्वर्ण भंडार को तेजी से बढ़ाया है, ताकि वैश्विक अनिश्चितताओं से निपटा जा सके।

    • स्वर्ण भंडार: 584.93 टन
    • कुल मूल्य: $438 मिलियन
    • कहां रखा है: तुर्किए के केंद्रीय बैंक में

    क्या सोने में निवेश करना सही रहेगा?

    • महंगाई से सुरक्षा: सोना मुद्रास्फीति (Inflation) के खिलाफ एक कारगर हथियार है। इसलिए केंद्रीय बैंकों के साथ आम लोग भी बड़े पैमाने पर निवेश करते हैं।
    • बाजार संकट में सहायक: सोना सुरक्षित निवेश भी माना जाता है। यह पोर्टफोलियो में विविधता भी लाता है। जैसे कि शेयर मार्केट में गिरावट के वक्त यह पोर्टफोलियो को क्रैश होने से बचाता है।
    • लंबी अवधि का फायदा: सोने का मूल्य आमतौर पर समय के साथ बढ़ता है, जिससे यह लंबी अवधि के निवेश के लिए अच्छा विकल्प बन जाता है।

    Source:

    • वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) :

    • https://www.gold.org/