Stock Market Today: सेंसेक्स में जबरदस्त उछाल, निफ्टी ने तोड़ा 10 दिनों की गिरावट का सिलसिला
भारतीय शेयर बाजार ने 10 दिनों की गिरावट तोड़ते हुए जबरदस्त उछाल दर्ज किया। सेंसेक्स 740 अंक चढ़कर 73730.23 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 254.65 अंक बढ़कर 22337.30 पर पहुंच गया। अदाणी पोर्ट्स टाटा स्टील एसबीआई सहित कई स्टॉक्स में तेजी रही। HSBC इंडिया सर्विसेज PMI 59.0 तक बढ़ने से बाजार को सपोर्ट मिला। वैश्विक बाजारों में मजबूती और अमेरिकी टैरिफ राहत की संभावनाओं ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को मजबूती दिखाई। बीएसई सेंसेक्स 740 अंकों की बढ़त के साथ 73,730.23 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 254.65 अंक चढ़कर 22,337.30 पर पहुंच गया। लगातार 10 दिनों की गिरावट के बाद बाजार में आई इस तेजी ने निवेशकों को राहत दी। सेंसेक्स ने दिनभर के कारोबार में 943.87 अंकों की छलांग लगाते हुए 73,933.80 का उच्चतम स्तर छुआ। इसी तरह निफ्टी ने 312.25 अंकों की बढ़त के साथ 22,394.90 के स्तर तक पहुंचने के बाद मजबूती के साथ बंद हुआ।
बाजार में कहां दिखी तेजी?
आज अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील, पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, टेक महिंद्रा, टाटा मोटर्स, आईटीसी, नेस्ले इंडिया, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, भारती एयरटेल, एसबीआई, एशियन पेंट्स और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। दूसरी ओर, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी बैंक और जोमैटो के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
बाजार में तेजी की वजहें
इस उछाल के पीछे कई अहम कारक रहे। वैश्विक बाजारों में मजबूती देखने को मिली। इससे भारतीय बाजार में भी निवेशकों का भरोसा बढ़ा। एक प्रमुख कारण यह भी रहा कि अमेरिकी प्रशासन के कुछ टैरिफ कम करने की संभावनाओं ने निवेशकों को राहत दी। इस खबर के बाद वैश्विक बाजारों में खरीदारी बढ़ी और इसका सकारात्मक असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखा।
सर्विसेज सेक्टर में दिखी मजबूती
फरवरी में भारत के सेवा क्षेत्र की गतिविधियों में जबरदस्त उछाल देखा गया। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मांग में बढ़ोतरी के कारण आउटपुट में तेजी आई। कंपनियों ने बड़े स्तर पर नई भर्तियां भी कीं।
HSBC इंडिया सर्विसेज पीएमआई बिजनेस एक्टिविटी इंडेक्स जनवरी के 56.5 से बढ़कर फरवरी में 59.0 हो गया, जो पिछले 26 महीनों का उच्चतम स्तर है। HSBC की मुख्य भारतीय अर्थशास्त्री प्रांजल भंडारी के मुताबिक, वैश्विक मांग में आई मजबूती ने सेवा क्षेत्र की ग्रोथ को तेज़ किया है।
वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत
एशियाई बाजारों में भी मजबूती देखने को मिली। टोक्यो, शंघाई, हांगकांग और सियोल के बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार भी सकारात्मक रुख में रहे, हालांकि वॉल स्ट्रीट मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुआ।
इस बीच, ब्रेंट क्रूड की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई और यह 70.69 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने मंगलवार को भारतीय बाजार में 3,405.82 करोड़ रुपये की बिकवाली की थी। इसके बावजूद, घरेलू निवेशकों ने मजबूत खरीदारी कर बाजार को संभाले रखा।
आगे कैसी रहेगी बाजार की चाल
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर निफ्टी 22,200-22,500 के स्तर को पार करता है, तो बाजार में और मजबूती देखने को मिल सकती है। वहीं, यदि सेंसेक्स 72,300 के नीचे जाता है, तो इसमें और गिरावट की संभावना रहेगी। आने वाले दिनों में वैश्विक संकेतों, कच्चे तेल की कीमतों और विदेशी निवेशकों के मूड पर बाजार की दिशा निर्भर करेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।